पालघर, नौ नवंबर गुजरात के समुद्र तटीय इलाके में पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसी की गोलीबारी में गत शनिवार को मारे गये महाराष्ट्र के पालघर जिले के 32 वर्षीय मछुआरे का मंगलवार को उसके पैतृक स्थल वड्राई गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि श्रीधर चमरे नामक मछुआरे का पार्थिव शरीर मंगलवार की सुबह करीब चार बजे उसके पैतृक गांव पहुंचा। पुलिस की भारी तैनाती के बीच सुबह आठ बजे से पहले उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि मछुआरे का शव आंशिक रूप से सड़ चुका था।
पुलिस ने कहा कि चमरे मछली पकड़ने वाली नाव 'जलपरी' के चालक दल के सदस्यों में से एक था, जिसे पीएमएसए ने शनिवार दोपहर अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास निशाना बनाया था।
सूत्रों ने बताया कि चमरे पिछले तीन महीने से मछली पकड़ने वाली नाव में काम कर रहा था।
उसके ससुर ने कहा कि पाकिस्तानी नौकाओं ने उनकी नाव का आधे घंटे तक पीछा किया।
चमरे की हत्या के विरोध में वड्राई के निवासियों ने सोमवार को बंद रखा था। चमरे के परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो नाबालिग बेटियां हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY