हैदराबाद, 27 अप्रैल तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चन्द्रशेखर राव ने बुधवार को कहा कि राज्य में 2014 में टीआरसी नीत सरकार बनने के बाद से अभी तक ईंधन की कीमतों में वृद्धि नहीं की गई है और केन्द्र सरकार को राज्य से कर घटाने के लिए कहने का कोई अधिकार नहीं है।
तेलंगाना राष्ट्र समिति के 21वें स्थापना दिवस समारोह के समापन पर केसीआर ने कोविड-19 हालात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए वीडियो कांफ्रेंस को ‘ड्रामा कांफ्रेंस’ करार दिया।
राव ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने कोरोना हालात पर मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस की... उस कांफ्रेंस में उन्होंने (मोदी) ईधन पर कर घटाने की बात कही। क्या एक प्रधानमंत्री इस तरह से बात कर सकते हैं?’’
उन्होंने कहा कि यही मोदी जनता को लेकर चिंतित होते तो उनकी सरकार ने पेट्रोल/डीजल की कीमतें नहीं बढ़ाई होतीं, उपकर भी नहीं बढ़ाया होता।
उन्होंने कहा, ‘‘तेलंगाना राज्य के गठन के बाद हमने कभी भी पेट्रोल/डीजल की कीमतें नहीं बढ़ाईं। इन्हें केन्द्र की भाजपा नीत सरकार ने बढ़ाया है। हमने कर नहीं बढ़ाए हैं, फिर हमें कटौती क्यों करनी चाहिए?’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह अवांछित और अनावश्यक है।’’
केसीआर ने प्रश्न किया कि क्या केन्द्र सरकार को राज्यों से कर घटाने को कहने में शर्म नहीं आ रही है, जबकि कीमतें उसने बढ़ाई हैं?
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY