नयी दिल्ली, 18 सितंबर भारत में फ्रांस के नामित राजदूत थिएरी माथौ ने सोमवार को कहा कि दोनों देशों की साझेदारी ‘‘सार्वभौमिक’’ है क्योंकि यह ‘‘समुद्र से अंतरिक्ष तक’’ जाती है। उन्होंने इसे और प्रगाढ़ करने की दिशा में काम करने का संकल्प लिया।
माथौ ने नयी दिल्ली पहुंचने के बाद यह बात कही। वह निवर्तमान राजदूत इमैनुएल लेनैन का स्थान लेंगे। अपने आगमन संदेश में माथौ ने 19वीं सदी के फ्रांसीसी इतिहासकार जूल्स मिशेलेट का भी हवाला दिया जिन्होंने भारत को ‘‘विश्व का मैट्रिक्स’’ बताया था।
माथौ ने कहा, ‘‘मैं एक असाधारण समय पर पदभार ग्रहण कर रहा हूं। यह वर्ष केवल हमारे दोनों देशों के बीच संबंधों की गहराई का जश्न मनाने का अवसर नहीं है। यह वह क्षण भी है जिसे 2047 तक अगले 25 वर्षों के लिए हमारी साझेदारी की दिशा निर्धारित करके भविष्य की ओर देखने के लिए चुना गया है, जो भारत की स्वतंत्रता और फ्रांस और भारत के बीच राजनयिक संबंधों की शताब्दी का जश्न मनाएगा।’’
उन्होंने जी20 की अध्यक्षता के दौरान भारत के ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम-एक पृथ्वी, एक कुटुम्ब, एक भविष्य’’ के दृष्टिकोण की भी सराहना की।
माथौ ने कहा, ‘‘मैं आपको बताना चाहता हूं कि मैं भारत में आकर काफी खुश और गौरवान्वित हूं। एक ऐसा देश जहां मैं 40 साल से भी पहले अपनी पहली यात्रा के बाद से कई बार आ चुका हूं। एक ऐसा देश जिसे 19वीं सदी के प्रसिद्ध फ्रांसीसी इतिहासकार जूल्स मिशेलेट ने विश्व का मैट्रिक्स बताया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह बिलकुल वैसा ही है जैसा मैं भारत के बारे में महसूस करता हूं। यही वजह है, फ्रांस के लिए वसुधैव कुटुम्बकम-एक पृथ्वी, एक कुटुम्ब, एक भविष्य की अवधारणा को अपनाना बिलकुल स्पष्ट था, जिसे भारत ने हाल के जी20 शिखर सम्मेलन के दृष्टिकोण के रूप में प्रस्तावित किया।’’
नामित फ्रांसीसी राजदूत ने कहा कि शिखर सम्मेलन ने ‘‘हमारे नेताओं’’ को फ्रांसीसी राष्ट्रीय दिवस के सम्मानित अतिथि के रूप में जुलाई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पेरिस की ऐतिहासिक यात्रा के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति का आकलन और समीक्षा करने का अवसर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने 10 जुलाई को दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY