देश की खबरें | दक्षिणी दिल्ली में भीख मांगने की आड़ में लोगों को लूटने वाली चार महिलाएं गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भीख मांगने की आड़ में लोगों को लूटने वाली चार महिलाओं के एक गिरोह को दक्षिणी दिल्ली के हौज खास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, तीन नवंबर भीख मांगने की आड़ में लोगों को लूटने वाली चार महिलाओं के एक गिरोह को दक्षिणी दिल्ली के हौज खास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले की सूचना 30 अक्टूबर को गिरोह द्वारा लूट की शिकार हुई 64 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी थी।
यह भी पढ़े | Bihar Assembly Elections 2020: दूसरे चरण में शांतिपूर्ण मतदान, 1 बजे तक 32.82 फीसदी वोटिंग.
पुलिस ने कहा कि यह घटना हौज खास इलाके में अरबिंदो मार्ग पर हुई।
अपनी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि दोपहर करीब 12.20 बजे वह अपनी कार में अकेली बैठी थी जब उसका बेटा जांच के लिए पैथोलॉजी लैब के अंदर गया था।
उसी समय चार महिलाएं कार के पास आ गईं और भीख मांगने लगीं। उसने उन्हें पांच रुपये देने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं मानी। इसके बाद उसने उन्हें 50 रुपये का नोट देने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर उसे डराकर कहा कि वह उन्हें सबसे बड़ा नोट दे, वरना उसे मार दिया जाएगा ।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमले के डर से बुजुर्ग महिला ने 500 रुपये का नोट निकाला जिसे लूटकर वे महिलाएं मौके से फरार हो गयीं। घटना के तुरंत बाद महिला ने पीसीआर को फोन लगाया।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने बताया, ‘‘बाद में आरोपी महिलाओं को हौज खास बाजार में देखा गया। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास से लूट के 500 रुपये भी बरामद किए गए।
उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। महिलाओं को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वे बिहार के एक गांव से हैं और यहां निजामुद्दीन में रह रही थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)