देश की खबरें | गांजा और शराब तस्करी के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

नोएडा (उत्तर प्रदेश), आठ जून गौतमबुद्ध नगर जिला पुलिस ने गांजा और शराब तस्करी अलग-अलग मामलों में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

नोएडा के पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बुधवार को बताया कि सेक्टर-63 थाना पुलिस ने बीती रात एफएनजी रोड के पास से जुबेर और मंजूर को गिरफ्तार कर उनके पास से 20 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी बागपत जिले के खेकड़ा के रहने वाले हैं और लंबे समय से गांजा तस्करी कर रहे थे।

दूसरी घटना फेस-3 थाना क्षेत्र की है। थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि गढी गांव के पास से आकाश नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।

वहीं, सेक्टर-39 थाना पुलिस ने जीआईपी मॉल के पास से पवन कुमार सिंह नामक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12 बोतल दिल्ली मार्का शराब बरामद किया है।

थाना प्रभारी राजीव बालियान ने बताया कि आरोपी दिल्ली से सस्ते दर पर शराब खरीदकर उसे उत्तर प्रदेश ला रहा था।

पुलिस ने बताया कि तीनों घटनाओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)