देश की खबरें | सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले पर हमला करने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

गंगटोक, 29 मार्च सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के काफिले पर हमला करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि चामलिंग सोमवार को विधानसभा से लौट रहे थे, उसी दौरान उनके काफिले पर पत्थर फेंके गए, जिससे कई वाहनों को नुकसान पहुंचा था।

उन्होंने बताया कि एसडीएफ समर्थकों द्वारा सदर थाना पुलिस को दी गई तीन अलग-अलग शिकायतों के आधार पर सोमवार की रात ये गिरफ्तारियां हुईं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव गुरुंग, जिग्मे भूटिया, तेन्जिंग भूटिया और नवीन प्रधान के रूप में हुई है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

वहीं, चामलिंग ने आरोप लगाया है कि एसकेएम के शीर्ष नेतृत्व के इशारे पर यह हमला हुआ। हालांकि, सत्तारूढ़ पार्टी (एसकेएम) ने इस आरोप से इंकार किया है।

पुलिस ने बताया कि काफिले पर हमले के बाद हुई झड़प में एसडीएफ के तीन सदस्य घायल हो गए और उनका इलाज चल रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)