देश की खबरें | भाड़े पर हत्या करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लखनऊ, 30 जुलाई उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सुपारी लेकर हत्या करने वाले एक हिस्ट्रीशीटर समेत गिरोह के चार लोगों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।

एसटीएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि सूचना मिलने पर मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र स्थित धुस दुबारी गांव के पास एसटीएफ के जवानों ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्ध लोगों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने एसटीएफ की टीम पर गोलियां चलाईं। मगर, इस हमले को नाकाम करते हुए उनमें से तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश भागने में कामयाब हो गए।

यह भी पढ़े | पीएम मोदी के निजी सचिव के तौर पर हार्दिक शाह नियुक्त: 30 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पकड़े गए बदमाशों की पहचान अयोध्या के कुख्यात अपराधियों में शामिल हिस्ट्रीशीटर अवध नारायण सिंह और उसके साथियों-दयानंद सिंह तथा रविशंकर चौहान के रूप में हुई है। ये लोग सुपारी लेकर हत्या करने वाले गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं।

इन बदमाशों का इंतजार कर रहे सिंहासन चौहान नामक लड़के को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से एक पिस्टल, एक तमंचा और अनेक कारतूस बरामद किए गए हैं।

यह भी पढ़े | मध्य प्रदेश: सरकारी और प्राइवेट स्कूल 31 अगस्त तक रहेंगे बंद, नाम काटने पर होगी कर्रवाई.

प्रवक्ता के मुताबिक गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि राज बब्बर चौहान नामक एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए उन्हें रवि शंकर के माध्यम से दो लाख रुपये की सुपारी देकर बुलाया गया था।

पकड़ा गया बदमाश अवध नारायण सिंह अयोध्या के गोसाईगंज का हिस्ट्रीशीटर है। अयोध्या के कुख्यात 10 अपराधियों में शामिल सिंह पर डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

इसके अलावा दूसरा आरोपी दयानंद सिंह अगस्त 2016 में फैजाबाद के रौनाही टोल प्लाजा पर गार्ड को गोली मारकर 46 लाख रुपये की लूट की घटना में शामिल था। वहीं, रविशंकर ने साल 2018 में डेढ़ लाख रुपये की सुपारी लेकर सुल्तानपुर निवासी बलवंत सिंह पर बम से जानलेवा हमला किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)