पुणे (महाराष्ट्र), 18 जुलाई महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक मंदिर की सीढ़ियों पर कतार में खड़े होने के दौरान फिसलने से चार श्रद्धालु मामूली रूप से घायल हो गये। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
घटना सोमवार को जेजुरी शहर में स्थित मंदिर में हुई जब लोग वहां दर्शन के लिए खड़े थे।
जिला प्रशासन ने मंगलवार को कहा कि ‘‘कोई भगदड़ नहीं’’ हुई और श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आईं।
पुणे जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आयुष प्रसाद ने कहा, ‘‘ऐसी खबर आ रही है कि कल जेजुरी में भगदड़ मची थी। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि कोई भगदड़ नहीं हुई थी। सोमवार को दिन में लगभग दो बजे दर्शन के लिए कतार में इंतजार कर रहे चार भक्तों को मामूली चोटें आईं।’’
उन्होंने बताया कि घायलों में से दो लोगों को जेजुरी के एक ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी मरीजों की हालत स्थिर है, किसी को कोई खतरा नहीं है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सेवा प्रदान की गई है।’’
जेजुरी थाने के एक अधिकारी ने कहा कि एक ‘पालखी’ (पालकी) को मुख्य मंदिर तक ले जाया जा रहा था और बारिश के कारण सीढ़ियों पर फिसलन हो गई थी।
अधिकारी ने कहा कि एक व्यक्ति जो ‘सनाई’ (एक संगीत वाद्ययंत्र) बजा रहा था, फिसल गया। उन्होंने बताया कि जैसे ही सनाई वादक नीचे गिरा, दो-तीन अन्य श्रद्धालु भी उसके ऊपर गिर गए और उन्हें मामूली चोटें आईं।
उन्होंने कहा कि ‘सोमवती अमावस्या’ के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर आये थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY