देश की खबरें | अरुणाचल विधानसभा में बेहतर शासन संबंधी चार विधेयक पेश किए गए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश विधानसभा में बृहस्पतिवार को राज्य में शासन और प्रशासनिक दक्षता में सुधार लाने के उद्देश्य से चार विधेयक पेश किए गए।
ईटानगर, छह मार्च अरुणाचल प्रदेश विधानसभा में बृहस्पतिवार को राज्य में शासन और प्रशासनिक दक्षता में सुधार लाने के उद्देश्य से चार विधेयक पेश किए गए।
उपमुख्यमंत्री चौना मेन ने राज्य के माल और सेवा कर अधिनियम 2017 में संशोधन करने के लिए अरुणाचल प्रदेश माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2025 पेश किया।
उपमुख्यमंत्री कर और उत्पाद शुल्क विभाग संभालते हैं तथा वह योजना और निवेश मंत्री भी हैं। मेन ने ‘अरुणाचल प्रदेश अरुण परिवार प्राधिकरण विधेयक, 2025’ पेश किया।
विधेयक का उद्देश्य सुशासन के लिए एक कानूनी ढांचा स्थापित करना और निवासियों को सार्वजनिक कल्याण लाभों और सेवाओं का कुशल, पारदर्शी और लक्षित वितरण सुनिश्चित करना है।
भूमि प्रबंधन मंत्री बालो राजा ने अरुणाचल प्रदेश सार्वजनिक परिसर (अनधिकृत कब्जाधारियों की बेदखली) विधेयक पेश किया, जिसका उद्देश्य मौजूदा अरुणाचल प्रदेश सार्वजनिक परिसर (अनधिकृत कब्जाधारियों की बेदखली) अधिनियम, 2003 में संशोधन करना है।
इसके अलावा, जल संसाधन मंत्री बियुराम वाहगे ने अरुणाचल प्रदेश बाढ़ मैदान क्षेत्रीकरण विधेयक, 2025 पेश किया, जिसका उद्देश्य राज्य में बाढ़ संभावित मैदानी इलाकों को विनियमित करना और संबंधित चिंताओं का समाधान करना है।
दिन के दौरान विधानसभा ने पूर्व मंत्री मेदी राम दोदुम को श्रद्धांजलि दी। दोदुम का पिछले साल एक सितंबर को लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया था।
बजट सत्र के पहले दिन श्रद्धांजलि देते हुए विधानसभा अध्यक्ष टेसम पोंगटे ने दोदुम के निधन का उल्लेख किया और उन्हें एक वरिष्ठ नेता एवं महान परोपकारी व्यक्ति बताया।
पांच अगस्त, 1955 को जन्मे दोदुम की राजनीतिक यात्रा 1984 में शुरू हुई, जब उन्होंने एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में दोईमुख-सागली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। हालांकि असफल होने के बावजूद वे सार्वजनिक सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहे।
वह 1986 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में और 1988 में कांग्रेस में शामिल हो गए, जहां उन्होंने पार्टी सचिव के रूप में काम किया। 1995 में उन्होंने बामेंग विधानसभा क्षेत्र से सफलतापूर्वक चुनाव लड़ा और पूर्व मुख्यमंत्री गेगोंग अपांग के मंत्रिमंडल के तहत बागवानी उप मंत्री नियुक्त किए गए। 1996 में उन्हें कैबिनेट मंत्री के रूप में पदोन्नत करते हुए बागवानी और मत्स्य पालन मंत्री बनाया गया। इस पद पर वह 1999 तक रहे।
उपमुख्यमंत्री चौना मीन ने दोदुम को श्रद्धांजलि देते हुए सामाजिक कार्यों के लिए उनके जुनून की प्रशंसा की और कहा कि उनकी विरासत भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।
राज्य के गृह मंत्री मामा नटुंग ने सामाजिक पहल को आकार देने में दोदुम की भूमिका को स्वीकार किया और कहा कि 1979 में अरुणाचल प्रदेश महिला कल्याण सोसायटी के उपनियमों को तैयार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी।
दोदुम के परिवार में तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। उनके सम्मान में विधानसभा में एक मिनट का मौन रखा गया और उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गयी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)