विदेश की खबरें | पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति रफीक तरार का 92 साल की उम्र में इंतकाल

इस्लामाबाद, सात मार्च पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति रफीक तरार का सोमवार को इंतकाल हो गया। 1997-2001 तक मुल्क के राष्ट्रपति रहे तरार लंबे समय से बीमार थे।

पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (पीएमएल-एन) के नेता और पूर्व राष्ट्रपति के पौते अताउल्लाह तरार ने ट्विटर पर बताया कि उनके दादा का निधन हो गया है।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी, प्रधानमंत्री इमरान खान, प्रतिष्ठित राजनीतिक नेताओं और सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने रफीक तरार के निधन पर दुख जताया।

पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ की पार्टी ने 1997 में हुए राष्ट्रपति पद के चुनाव में उनका समर्थन किया था जिसके बाद वह मुल्क के शीर्ष पद के लिए निर्वाचित हुए थे। उनकी शरीफ के साथ करीबी दोस्ती थी। शरीफ ने 1997 के संसदीय चुनाव में जीत हासिल की थी।

इससे पहले रफीक तरार 1991 से 1994 तक उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश थे। वह लाहौर उच्च न्यायालय के छह मार्च 1989 से 31 अक्टूबर 1991 तक मुख्य न्यायाधीश रहे थे।

पूर्व सैन्य तानाशाह परवेज़ मुशर्रफ ने 1999 में शरीफ का तख्तापलट कर दिया था। मुशर्रफ ने 2001 तक रफीक तरार को पद पर बने रहने दिया। 2001 में उन्होंने दबाव में आकर इस्तीफा दे दिया और मुशर्रफ राष्ट्रपति बने।

अल्वी ने रफीक तरार के इंतकाल पर दुख जताया और उनकी मगफिरत (गुनाहों की माफी) की दुआ की तथा उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

प्रधानमंत्री खान ने भी पूर्व राष्ट्रपति की मगफिरत की दुआ की। पीएमएल-एन के प्रमुख शहबाज़ शरीफ ने रफीक तरार को दयालु बुजुर्ग, समझदार जनप्रतिनिधि, निष्पक्ष न्यायाधीश और बहुत अच्छा इंसान" बताया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)