खेल की खबरें | मुंबई के पूर्व क्रिकेटर और मुख्य चयनकर्ता मिलिंद रेगे का अंतिम संस्कार किया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. मुंबई और भारत के कई पूर्व खिलाड़ियों ने मुंबई के पूर्व कप्तान और मुख्य चयनकर्ता मिलिंद रेगे को श्रद्धांजलि दी जिनका बृहस्पतिवार को यहां शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया गया।

मुंबई, 20 फरवरी मुंबई और भारत के कई पूर्व खिलाड़ियों ने मुंबई के पूर्व कप्तान और मुख्य चयनकर्ता मिलिंद रेगे को श्रद्धांजलि दी जिनका बृहस्पतिवार को यहां शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया गया।

रेगे का बुधवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से शहर के एक अस्पताल में निधन हो गया था। वह 76 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।

दिलीप वेंगसरकर, संजय मांजरेकर, संजय बांगड़, किरण मोरे, अभय कुरुविला जैसे पूर्व भारतीय खिलाड़ी मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक, सचिव अभय हडप और अनुभवी प्रशासक प्रोफेसर रत्नाकर शेट्टी सहित अन्य अधिकारियों के साथ मौजूद थे।

बांगड़ ने मीडिया से कहा, ‘‘उनका दिल हमेशा मुंबई क्रिकेट और उसके खिलाड़ियों के लिए धड़कता था। मैंने हमेशा उन्हें अपने वरिष्ठ के रूप में देखा है। उन्होंने चयनकर्ता, प्रबंधक या मेंटोर (मार्गदर्शक) की कई भूमिकाए निभाईं। उन्होंने मुंबई क्रिकेट में बहुत योगदान दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह मेरे से रेलवे छोड़कर मुंबई के लिए खेलने का आग्रह करते थे। इससे पता चलता है कि उनके दिल में मेरे लिए अच्छी भावनाएं थीं और उन्होंने मुंबई क्रिकेट के लिए जो कुछ भी किया उसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।’’

रेगे ने 76 वर्ष की आयु पूरी करने के मात्र तीन दिन बाद अंतिम सांस ली।

वह 1966-67 के सत्र में प्रथम श्रेणी में पदार्पण करने के बाद 1977-78 के सत्र में अपने अंतिम मुकाबले तक मुंबई टीम का अभिन्न अंग बने रहे।

रेगे को 26 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ा था लेकिन इसके बाद वह फिर से मैदान पर उतरे और मुंबई का नेतृत्व भी किया।

सुनील गावस्कर के बचपन के दोस्त रेगे दादर यूनियन स्पोर्ट्स क्लब के लिए इस महान भारतीय बल्लेबाज के साथ खेले। उन्होंने एमसीए में कई प्रशासनिक भूमिकाएं भी निभाईं जिसमें चयनकर्ता और मुख्य चयनकर्ता का पद भी शामिल है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\