देहरादून, 24 दिसंबर कॉर्बेट बाघ अभयारण्य में पेड़ की अवैध कटाई और निर्माण गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में एक पूर्व वन अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक, सतर्कता (हल्द्वानी), प्रह्लाद मीणा ने शनिवार को कहा कि शुक्रवार को गाजियाबाद के वैशाली से पूर्व डीएफओ किशन चंद को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि उस पर कॉर्बेट बाघ अभयारण्य के कालागढ़ वन प्रभाग के मोरघट्टी और पखरो रेंज में पेड़ों की अवैध कटाई और निर्माण में शामिल होने का आरोप था और उसे गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया है।
निलंबित डीएफओ अब सेवानिवृत्त हो चुका है और अक्टूबर से फरार था। उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने मामले में पहले उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
किशन चंद पर मोरघट्टी फॉरेस्ट रेस्ट हाउस और पखरो में एक पुल के निर्माण में अधिकारियों से जरूरी वित्तीय और प्रशासनिक मंजूरी लिए बिना शामिल होने का आरोप है।
वह नियमों का उल्लंघन करते हुए भारतीय राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) से पूर्व अनुमति लिए बिना पखरो रेंज में बाघों के बाड़ों के कथित निर्माण में भी शामिल था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY