नयी दिल्ली, 25 जनवरी एक महिला को उसकी अश्लील तस्वीर व वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देकर धन ऐंठने के आरोप में 37 वर्षीय एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान इवान के तौर पर की गई है। पुलिस के अनुसार बिजनेस वीजा पर आया इवान ग्रेटर नोएडा में रह रहा था।
पुलिस उपायुक्त (आईएफएसओ) हेमंत तिवारी ने बताया, ‘‘ हमें एक व्यक्ति से शिकायत मिली थी। उसने आरोप लगाया था कि उसके रिश्ते की बहन की सोशल मीडिया पर एक अज्ञात व्यक्ति से दोस्ती हुई थी। व्यक्ति ने उसे बहकाया और 2.25 लाख रुपये ठग लिए।’’
इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) दिल्ली पुलिस की एक विशेष इकाई है।
पुलिस ने शिकायत के हवाले से बताया कि आरोपी ने पीड़िता को अपनी अंतरंग तस्वीरें और वीडियो साझा करने के लिए प्रेरित किया और बाद में पैसे ऐंठने के लिए उसे धमकी दी और ब्लैकमेल किया।
अधिकारी ने बताया, ‘‘ मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई। हमें पता चला कि आरोपी ने सोशल मीडिया मंच पर दो आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किए हैं और उससे 2.25 लाख रुपये वसूले हैं।’’
पुलिस ने बताया कि आईएफएसओ इकाई ने बैंक खातों का विश्लेषण किया और आरोपी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया।
डीसीपी तिवारी ने बताया, ‘‘आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उसने पुलिस को बताया कि वह तीन साल पहले बिजनेस वीजा पर भारत आया था और दिल्ली/एनसीआर के कई हिस्सों में रहा। उसने खुलासा किया कि उसने अपने भाई की मदद से सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाया और महिला से दोस्ती करके उसके निजी वीडियो हासिल किए।’’
उन्होंने बताया, ‘‘वीडियो के आधार पर उसने पीड़िता से पैसे ऐंठे। मामले की आगे की जांच जारी है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY