जरुरी जानकारी | भारतीय कंपनियों का विदेशी निवेश अगस्त में 59 प्रतिशत घटकर 1.03 अरब डॉलर पर

मुंबई, 16 सितंबर भारतीय कंपनियों की तरफ से विदेश में किया जाने वाला निवेश इस साल अगस्त में सालाना आधार पर 59 प्रतिशत घटकर 1.03 अरब डॉलर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त महीने में भारतीय कंपनियों ने अपने विदेशी उद्यमों में कुल 102.76 करोड़ डॉलर की निवेश प्रतिबद्धता जताई। एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 250.09 करोड़ डॉलर रहा था।

आरबीआई के आंकड़े बताते हैं कि भारतीय कंपनियों ने जुलाई, 2022 में 111.66 करोड़ डॉलर का निवेश विदेशी उद्यमों में किया था।

भारतीय कंपनियों की तरफ से अगस्त में किए गए कुल विदेशी निवेश में सर्वाधिक 58.56 करोड़ डॉलर का निवेश इक्विटी के रूप में किया गया। गारंटी के तौर पर यह निवेश 26.66 करोड़ डॉलर रहा जबकि बाकी 17.53 करोड़ डॉलर का निवेश ऋण के रूप में रहा।

केंद्रीय बैंक ने कहा कि यह आंकड़ा अस्थायी है और अधिकृत बैंकों की तरफ से ऑनलाइन जानकारी मिलने के बाद इसमें सुधार भी हो सकता है।

भारतीय कंपनियों की तरफ से विदेशी निवेश करने के मामले में लेंसकार्ट सॉल्यूशंस सबसे आगे रही जिसने सिंगापुर स्थित अपनी अनुषंगी में 31.99 करोड़ डॉलर का इक्विटी निवेश किया। वहीं ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स ने स्विट्जरलैंड में अपनी अनुषंगी में गारंटी के रूप में 10 करोड़ डॉलर का निवेश किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)