देश की खबरें | यात्रियों के अधिकार के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए : योगी आदित्यनाथ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शनिवार को कहा कि सुगम यात्रा और सुरक्षित यात्रा हर नागरिक का अधिकार है और यह सरकार का दायित्व है कि वह यात्री के अधिकार के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे।

लखनऊ, तीन जून उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शनिवार को कहा कि सुगम यात्रा और सुरक्षित यात्रा हर नागरिक का अधिकार है और यह सरकार का दायित्व है कि वह यात्री के अधिकार के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे।

मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में यहां पांच कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास से कुल 100 बसों को रवाना किया और कार्यक्रम को संबोधित किया। इनमें 93 नई राजधानी सेवा एवं सात साधारण बसें शामिल हैं जो प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों से दिल्ली को जोड़ेंगी।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के 50 वर्षों की यात्रा पूर्ण होने के अवसर पर इन बसों की शुरुआत के लिए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ''आजादी के कुछ माह पूर्व 15 मई 1947 को उस समय प्रदेश में लोगों की सुगम व सुरक्षित यात्रा के लिए राजकीय परिवहन सेवा प्रारम्भ हुई। यह सेवा एक जून, 1972 को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के रूप में आगे बढ़ी।''

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की विकास यात्रा तथा उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

योगी ने कहा, ''परिवहन निगम की बसों या प्रदेश में सरकारी परिवहन सेवा का उपयोग करने वाले लोगों को सरकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। परिवहन निगम जिन कार्यक्रमों को लेकर आगे बढ़ रहा है, उसे और प्रभावी ढंग से करने की आवश्यकता है।''

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज जब हम यहां एक ओर 50 वर्षों की शानदार यात्रा के कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे है, वहीं देश के एक दूसरे राज्य में हुई दुःखद दुर्घटना भी हमारे सामने है। कल सांयकाल ओडिशा राज्य के बालासोर में हुई रेल दुर्घटना में अनेक यात्रियों की मृत्यु हुई है और अनेक लोग घायल हैं।”

उन्होंने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों के प्रति प्रदेश शासन तथा जनता की ओर से संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

योगी ने सड़क हादसों से होने वाली मौतों पर भी चिंता जाहिर करते हुए कहा, '' सड़क हादसों में मृत्यु के आंकड़े अत्यन्त भयावह है। सड़क दुर्घटनाएं तेज गति से वाहन चलाने, सड़क निर्माण में किसी इंजीनियरिंग खामी के कारण अथवा यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण होती हैं। इनमें किसी मासूम की जान जाती है, यह हमारे लिए चेतावनी के साथ ही, चिन्ता का विषय भी है।''

उन्‍होंने कहा, ''व्यापक जनजागरूकता तथा सड़क यातायात के नियमों का पालन कर हम असंख्य लोगों की जान बचा सकते हैं।''

इस अवसर पर परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि परिवहन निगम ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं और इसकी आय में वृद्धि हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\