अहमदाबाद, 17 सितंबर गुजरात में सरदार सरोवर बांध इस मानसून में पहली बार रविवार सुबह 138.68 मीटर के पूर्ण भंडारण स्तर (एफआरएल) पर पहुंच गया। इसके बाद अधिकारियों ने पड़ोसी मध्य प्रदेश के जलग्रहण क्षेत्रों से आ रहे अधिक पानी को निकालने के लिए बांध के 30 में से 23 द्वार खोल दिए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
अधिकारियों ने कहा कि नर्मदा नदी पर बने बांध को पश्चिमी राज्य की जीवन रेखा कहा जाता है और इसके एफआरएल पर पहुंचने से प्रशासन और लोगों को राहत मिली है।
सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड (एसएसएनएनएल) के एक अधिकारी ने कहा कि 7.9 मीटर की ऊंचाई पर 23 द्वारा खोले जा रहे हैं, ताकि 18,41,566 क्यूसेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा सके। हालांकि, मध्य प्रदेश में जलग्रहण क्षेत्रों से 18,63,117 क्यूसेक पानी आ रहा है।
जल स्तर में बढ़ोतरी के बाद अधिकारियों ने अलर्ट जारी किया और नर्मदा नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करना शुरू कर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय बचाव दलों की मदद से अब तक वडोदरा में 250 से अधिक और भरूच में 300 से अधिक लोगों को स्थानांतरित किया गया है।
वडोदरा के करजन तालुका में नर्मदा नदी के एक टापू पर फंसे 11 लोगों को निकालने के लिए वडोदरा के अधिकारियों ने वायु सेना से भी मदद मांगी, क्योंकि कल रात अधिक जलस्तर होने की वजह से एक नौका उन्हें वहां से निकाल नहीं पाई थी।
अधिकारियों ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम ने वडोदरा के करजन तालुका के नानी सायर गांव से पांच पुरुषों, एक महिला और 10 बच्चों को बचाया है।
अधिकारियों ने कहा कि नर्मदा और भरूच जिलों में नर्मदा नदी के किनारे स्थित निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, जबकि मध्य प्रदेश में इंदिरासागर और ओंकारेश्वर बांधों से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा में कमी आई है, जिससे स्थिति में कुछ राहत मिली है।
भरूच के जिलाधिकारी तुषार सुमेरा ने कहा कि जिले में नर्मदा नदी का जलस्तर 31 फुट तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान 24 फुट से अधिक है।
सुमेरा ने कहा, “ एहतियात के तौर पर, हमने रात के दौरान निचले इलाकों से 338 लोगों को स्थानांतरित कर दिया। हमने लोगों को स्थानांतरित कर दिया है क्योंकि हमारा मानना है कि (नदी का) स्तर 36 फुट तक पहुंच जाएगा।”
एसएसएनएलएल अधिकारी ने कहा कि बांध में आ रहे और उसे छोड़े जा रहे पानी पर लगातार नजर रखी जा रही है और बाढ़ के प्रभाव को कम करने के लिये सभी प्रयास किये जा रहे हैं।
एसएसएनएनएल के अधिकारी ने कहा, “ ओंकारेश्वर बांध से छोड़े जा रहे 15 लाख क्यूसेक पानी की मात्रा घटाकर 9,10,000 क्यूसेक कर दी गई।”
रविवार सुबह छह बजे समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि में गुजरात के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, मध्य गुजरात के पंचमहल, छोटा उदयपुर, दाहोद, महिसागर, अरावली और नर्मदा जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
इसने कहा कि इस अवधि के दौरान, पंचमहल में मोरवा हदफ तालुका में 253 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई। एसईओसी के मुताबिक, छोटा उदयपुर में 247 मिमी, पंचमहल के शेहेरा में 243 मिमी और दाहोद के 238 मिमी बारिश हुई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिम मध्य मध्य प्रदेश पर कम दबाव क्षेत्र से जुड़े चक्रवात का प्रसार अगले दो दिनों के दौरान गुजरात के उत्तरी हिस्सों और पास के दक्षिण-पूर्व राजस्थान की ओर हो सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि इससे रविवार को दाहोद जिले में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
आईएमडी बुलेटिन में कहा गया है कि अगले पांच दिनों तक गुजरात के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है।
इस बीच, मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल रविवार सुबह एकता नगर पहुंचे, जहां बांध स्थित है। उन्होंने नर्मदा नदी को श्रद्धांजलि अर्पित की और बांध के ‘ओवरफ्लो’ के निशान तक पहुंचने को "गुजरात के लिए ऐतिहासिक दिन" बताया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 73वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए पटेल ने कहा कि यह उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति थी, जिसके कारण बांध की ऊंचाई बढ़ाई गई और यह निर्णय मोदी के प्रधानमंत्री बनने के 17 दिनों के अंदर लिया गया था।
साल 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद बांध की ऊंचाई 121.92 मीटर से बढ़ाकर 138.68 मीटर कर दी गई थी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, “ आज, उत्तर गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ को सरकार द्वारा तैयार की गई योजनाओं के अनुसार सिंचाई और पीने के लिए नर्मदा बांध का पानी मिल रहा है। जितना संभव हो सकेगा, हम यहां से बहने वाले पानी का उपयोग सिंचाई, पीने और झीलों को भरने के लिए करेंगे।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY