देश की खबरें | भुवनेश्वर में एक के बाद एक पांच वाहनों में टक्कर, एक व्यक्ति की मौत

भुवनेश्वर, चार अप्रैल ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में सोमवार को एक ट्रक समेत पांच वाहनों की एक के बाद एक हुई टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय राजमार्ग -16 पर शहर के पालासुनी इलाके में यह हादसा ट्रक द्वारा एक कार को टक्कर मारे जाने के बाद हुआ।

पुलिस ने बताया कि टक्कर के कारण कार उछल गई और डिवाइडर को पार कर सड़क के दूसरी तरफ से आ रहे एक अन्य वाहन से टकरा गई। इस दौरान कम से कम तीन और वाहनों की टक्कर हुई।

पुलिस के मुताबिक हादसे की शिकार हुई पहली कार में सवार एक मात्र व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि अन्य वाहनों में सवार तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया जिसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के इस इलाके में भीषण जाम लग गया।

पुलिस ने कहा कि हादसे के बाद सड़क के दोनों तरफ सैकड़ों वाहन तीन घंटे से भी ज्यादा समय तक फंसे रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)