देश की खबरें | हिमाचल के पांच बार के कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह पठानिया विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पांच बार के विधायक कुलदीप सिंह पठानिया को बृहस्पतिवार को सर्वसम्मति से हिमाचल प्रदेश विधानसभा का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
धर्मशाला, पांच जनवरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पांच बार के विधायक कुलदीप सिंह पठानिया को बृहस्पतिवार को सर्वसम्मति से हिमाचल प्रदेश विधानसभा का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
प्रदेश के चंबा जिले के भटियात के विधायक पठानिया का निर्वाचन तय था, क्योंकि इस पद के लिए मैदान में वह एकमात्र उम्मीदवार थे।
विधानसभा के कार्यवाहक अध्यक्ष चंदर कुमार ने सदन के समक्ष प्रस्ताव रखा और पठानिया इस पद के लिये सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित किये गये। उनके निर्वाचन के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने उन्हें बधाई दी और अध्यक्ष की कुर्सी तक ले गए।
पठानिया हिमाचल प्रदेश विधानसभा के चौथे अध्यक्ष हैं जो चंबा जिले के रहने वाले हैं। इससे पहले चंबा जिले के रहने वाले जयवंत राम, देशराज महाजन और तुलसी राम विधानसभा के अध्यक्ष बन चुके हैं ।
उनका जन्म 17 सितंबर 1957 को हुआ था और वह विज्ञान तथा विधि में स्नातक हैं। वह 1985 में 27 साल की उम्र में सबसे पहले विधायक निर्वाचित घोषित किये गये थे ।
इसके बाद पठानिया 1993, 2003, 2007 और 2022 में विधानसभा के सदस्य निर्वाचत हुये । 1993 और 2003 में उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था।
निर्वाचन के बाद पठानिया ने सदन को संबोधित करते हुये कहा कि राज्य के हितों से जुड़े मामलों पर सार्थक चर्चा के लिए सदस्यों को पर्याप्त समय और सहयोग दिया जाएगा।
पठानिया ने सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि 23 सदस्य पहली बार विधायक बने हैं । उन्होंने इसके साथ ही उन्हें नियमों और परंपराओं से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता ठाकुर ने लगातार छह चुनाव जीते हैं जबकि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पांच बार विधायक रहे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नए सदस्य उनसे बहुत कुछ सीखेंगे।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि पठानिया के कानून की विशेषज्ञता के अनुभव से सदन लाभान्वित होगा। उन्होंने यह भी आशा व्यक्त की कि नियमों और विनियमों से परिचित नए अध्यक्ष सभी सदस्यों को बोलने का अवसर प्रदान करेंगे।
बुधवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री ने पठानिया के नाम का प्रस्ताव रखा था, जिसका विपक्ष के नेता ने अनुमोदन किया था ।
ठाकुर ने उम्मीद जतायी कि अध्यक्ष से विपक्ष को सुरक्षा मिलेगी ।
उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने कहा कि पठानिया उस कुर्सी पर बैठे हैं, जिस पर कभी विट्ठलभाई पटेल बैठा करते थे । उन्होंने नए अध्यक्ष को एक अच्छा प्रशासक और वक्ता भी बताया।
विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष विपिन सिंह परमार तथा पूर्व उपाध्यक्ष हंस राज समेत अन्य सदस्यों ने पठानिया को बधाई दी ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)