पुणे, 21 जनवरी पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मंजरी परिसर की पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत में बृहस्पतिवार को आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि दमकल कर्मियों द्वारा पांचवें तल से जिन लोगों के शव बरामद किये गए, वे सभी निर्माण कार्य में लगे मजदूर थे।
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने कहा कि आग की घटना से कोविशील्ड टीकों के उत्पादन केंद्र को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
सूत्रों ने कहा कि कोविड-19 के राष्ट्रव्यापी टीकाकरण कार्यक्रम के लिए ‘कोविशील्ड’ टीके का उत्पादन सीरम संस्थान के मंजरी केन्द्र में ही किया जा रहा है। जिस भवन में आग लगी वह कोविशील्ड उत्पादन इकाई से एक किमी दूर है।
पूनावाला ने कहा, ''मैं सभी राज्य सरकारों और लोगों को एक बार फिर आश्वासन देता हूं कि कोविशील्ड के उत्पादन को कोई नुकसान नहीं होगा क्योंकि मैंने ऐसे हालात से निपटने के लिये सीरम संस्थान में विभिन्न निर्माण भवनों को आरक्षित रखा हुआ है। पुणे पुलिस और दमकल विभाग का धन्यवाद।''
उन्होंने कहा, ''हमें अभी कुछ चिंताजनक खबरें मिली हैं। जांच के बाद हमें पता चला है कि घटना में दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से कुछ लोगों की जान चली गई है। हम बहुत दुखी हैं और मृतकों के परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हैं।''
महापौर मुरलीधर मोहोल ने कहा कि दमकल अधिकारियों को आग बुझाने के दौरान पांच शव मिले।
पुलिस ने कहा कि आग अपराह्न करीब पौने तीन बजे भवन के चौथे और पांचवें तल पर लगी, जिसे काबू करने में दो घंटे लग गए।
पुलिस उपायुक्त नम्रता पाटिल ने 'पीटीआई-' से कहा कि भवन से नौ लोगों को बाहर निकाला गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY