देश की खबरें | दिल्ली के कल्याणपुरी में पथराव की घटना में पांच लोग घायल

नयी दिल्ली, 15 नवंबर पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में कुछ युवकों की ओर से किए गए पथराव में पांच लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को मंगलवार देर रात कल्याणपुरी इलाके में झगड़े की सूचना मिली और एक टीम मौके पर पहुंची।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अनुराग (20) नामक युवक ने इलाके में रहने वाले 16 साल के लड़के द्वारा उसकी नाबालिग बहन को संदेश भेजने पर आपत्ति जताई थी और लड़के को चेतावनी दी थी कि वह उसकी बहन से बात नहीं करे।

अधिकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11 बजे अनुराग और उसके साथियों की किशोर के साथ बहस हो गई और हाथापाई होने लगी। उन्होंने बताया कि लड़के ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को बुला लिया तथा उन्होंने अनुराग और उसके साथियों पर पथराव कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि हमले में अनुराग और 16 वर्षीय लड़का ज़ख्मी हो गया।

हंगामा सुनकर मौके पर पहुंचे तीन अन्य लोग भी पथराव में घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान स्थानीय निवासी तरसेम (20), राहुल (25), जस्सी (36), सुखी (32) और अरुण (21) के तौर पर हुई है और 16 वर्षीय लड़के को भी नामज़द किया गया है।

पुलिस ने छापेमारी की और जस्सी उर्फ जगपाल को पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि सह-आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किये जा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)