एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | जम्मू कश्मीर में मुठभेड़ की तीन घटनाओं में लश्कर के पांच आतंकवादी ढेर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर में हाल में दो पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का आतंकवादी आदिल पर्रे रविवार को यहां पुलिस की एक ‘‘छोटी टीम’’ के साथ अचानक हुई मुठभेड़ में मारा गया, जिससे पिछले 24 घंटों में जम्मू कश्मीर में मारे गए आतंकवादियों की संख्या पांच हो गई है।

देश की खबरें | जम्मू कश्मीर में मुठभेड़ की तीन घटनाओं में लश्कर के पांच आतंकवादी ढेर

श्रीनगर, 12 जून जम्मू कश्मीर में हाल में दो पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का आतंकवादी आदिल पर्रे रविवार को यहां पुलिस की एक ‘‘छोटी टीम’’ के साथ अचानक हुई मुठभेड़ में मारा गया, जिससे पिछले 24 घंटों में जम्मू कश्मीर में मारे गए आतंकवादियों की संख्या पांच हो गई है।

पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), कश्मीर विजय कुमार ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘गंदरबल का लश्कर का आतंकवादी आदिल पर्रे, जो जम्मू कश्मीर पुलिस (जेकेपी) के दो कर्मियों संगम में जी. एच. हसन डार और अंचार सौरा में सैफुल्ला कादरी की हत्या में शामिल था, पुलिस की एक छोटी टीम के साथ अचानक हुई मुठभेड़ में मारा गया।’’

मुठभेड़ यहां के क्रिसबल पालपोरा संगम इलाके में हुई। पर्रे की मौत के साथ पिछले 24 घंटों में मारे गए आतंकवादियों की संख्या पांच हो गई है और इस साल अब तक घाटी में मारे गए आतंकवादियों की संख्या 100 हो गई है।

एक आतंकवादी कुलगाम में मारा गया, जबकि दूसरा शनिवार को पुलवामा में मारा गया। रविवार की सुबह पुलवामा मुठभेड़ में दो और आतंकवादी मारे गए जिससे अभियान में मारे गए आतंकवादियों की संख्या तीन हो गई।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिण-कश्मीर स्थित पुलवामा जिले के द्रबगाम गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर शनिवार को इलाके में सुरक्षाबलों ने घेराबंदी एवं तलाश अभियान शुरू किया।

प्रवक्ता के अनुसार, जब सुरक्षाकर्मी आतंकवादियों के संदिग्ध ठिकाने पर पहुंचे तो वहां छिपे आतंकवादियों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका सुरक्षाबलों ने माकूल जवाब दिया और दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में लश्कर ए तैयबा के तीन आतंकवादी मारे गए जिनके शव मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिए गए। उनके अनुसार, तीनों की पहचान पुलवामा के गडूरा निवासी जुनैद अहमद शीरगोजरी, पुलवामा के द्रबगाम निवासी नजीर भट और पुलवामा के अराबल निकास निवासी इरफान अहमद मलिक के रूप में हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये तीनों आतंकवादी पुलिस एवं सुरक्षाबलों पर हमले, आम लोगों के उत्पीड़न समेत कई आतंकी गुनाहों में शामिल समूहों का हिस्सा थे।

प्रवक्ता ने बताया कि शीरगोजरी अपने साथी एवं पुलवामा के मोंघामा निवासी आबिद हुसैन के साथ 13 मई को पुलिसकर्मी रियाज अहमद की हत्या में शामिल था। आबिद हुसैन 30 मई को मारा गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘ वह (शीरगोजरी) पुलवामा-बडगाम के बाहर चडूरा में ईंट भट्टे पर दो जून को श्रमिकों पर किए गए हमले में भी शामिल था। इस हमले में एक मजदूर की जान चली गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।’’

प्रवक्ता ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से हथियार, गोला-बारूद आदि चीजें बरामद हुई हैं जिन्हें आगे की जांच के लिए रिकॉर्ड के तौर पर रखा गया है।

पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर) विजय कुमार ने बिना किसी नुकसान के पेशेवर तरीके से आतंकवाद रोधी अभियान चलाने को लेकर सुरक्षाबलों को बधाई दी।

इससे पहले आईजीपी ने बताया कि घाटी में इस साल अब तक 99 आतंकवादियों को मार गिराया गया है और पर्रे की मौत के साथ यह संख्या 100 हो गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 12, 2022 08:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).