बेंगलुरु, 24 फरवरी कर्नाटक के चिकबलपुर के एक गांव में पत्थर की खदान में जिलेटिन की छड़ों को हटाते समय मंगलवार तड़के हुए विस्फोट के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही मामले के संबंध में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई थी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में खदान का साझेदार राघवेंद्र रेड्डी भी शामिल है। रेड्डी को आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार अन्य लोग खदान से संबंधित कर्मचारी हैं। इनमें वेंकटशिवा रेड्डी, प्रवीन, मोहम्मद रियाज अंसारी और मधुसूदन रेड्डी शामिल हैं।
अधिकारियों ने कहा कि खदान का दूसरा साझेदार जीएस नागराज अभी भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में गुडिबंडे पुलिस थाने के सर्कल निरीक्षक मंजूनाथ और उप निरीक्षक गोपाल रेड्डी को निलंबित किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, उक्त पुलिस अधिकारी कंपनी के मालिकों द्वारा खनन के लिए अवैध तौर पर विस्फोट किए जाने और विस्फोटक रखे जाने की पूर्व में मिली शिकायतों के बावजूद उन्हें गिरफ्तार करने में नाकाम रहे।
मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के गृह नगर शिवमोगा में 22 जनवरी को भी एक ऐसे ही हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में भी छह लोगों की जान गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY