तिरुवनंतपुरम, 10 जुलाई तिरुवनंतपुरम के निकट मुथालापोझी जलक्षेत्र में एक नाव पलट जाने से एक मछुआरे की जान चली गई और तीन अन्य लापता हो गए।
इस घटना के बाद मुथालापोझी इलाके में सोमवार को उस समय तनाव उत्पन्न हो गया, जब कुछ स्थानीय निवासियों ने तीन मछुआरों को बचाने के मिशन की निगरानी के लिए तटीय गांव में केरल के मंत्रियों की यात्रा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी, खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री जी. आर. अनिल और परिवहन मंत्री एंटनी राजू दोपहर में जब अंजुतेंगु थाना क्षेत्र में आने वाले गांव पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने लापता मछुआरों को बचाने के लिए अभियान शुरू करने में देरी का आरोप लगाया।
उन्होंने मुथालापोझी में समुद्र में जाने वाले मछुआरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से ईमानदार प्रयासों की कमी का भी आरोप लगाया, जहां “अवैज्ञानिक ब्रेकवाटर” (दीवार जैसी एक अपतटीय संरचना जो किसी बंदरगाह या समुद्र तट को लहरों से बचाती है) प्रणाली के निर्माण के कारण नाव दुर्घटनाओं ने अतीत में कई लोगों की जान ले ली है।
एक बयान में शिवनकुट्टी ने आरोप लगाया कि लैटिन कैथोलिक चर्च के एक पादरी ने वहां इकट्ठा हुए लोगों से मंत्रियों का रास्ता रोकने के लिए कहकर क्षेत्र में तनाव पैदा करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि एक बड़ा संघर्ष टल गया क्योंकि स्थानीय लोगों ने संयम बरता और उन्हें रोकने के फादर यूजीन परेरा के आह्वान पर ध्यान नहीं दिया।
प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए शिवनकुट्टी ने कहा कि तिरुवनंतपुरम जिला प्रशासन ने लापता मछुआरों का पता लगाने के लिए सुबह ही आवश्यक व्यवस्थाएं की।
उन्होंने बताया कि तटरक्षक बल, स्थानीय पुलिस और समुद्री प्रवर्तन एजेंसियों ने डोर्नियर विमान और हेलीकॉप्टरों की मदद से सुबह ही तलाश शुरू कर दी। अंजुतेंगु पुलिस ने बताया कि उसे कंजूमोन (42) का शव मिल गया है जबकि रोबिन (42), बीजू (48) और बीजू (55) लापता हैं।
मंत्रियों ने कहा कि उन्होंने मछुआरों की बात सुनी और उनकी मांग के अनुसार गोताखोरों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
वहीं खुद पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए परेरा ने दावा किया कि जब मंत्रियों ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के समर्थन से प्रदर्शनकारियों पर चिल्लाना शुरू किया तो लोगों ने उनके खिलाफ विरोध की आवाज उठाई।
मुथालापोझी ऐसा स्थान है जहां वामनपुरम नदी और कादिनामकुलम झील अरब सागर से मिलती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY