कोहिमा, 21 मई नगालैंड में गुरुवार को कोविड-19 की जांच के लिए पहली आधुनिक प्रयोगशाला शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य से नमूने अब तक जांच के लिए असम और मणिपुर भेजे जा रहे थे।
नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने नगा अस्पताल प्राधिकरण कोहिमा (एनएचएके) में जैव-सुरक्षा स्तर 3 (बीएसएल-3) प्रयोगशाला का उद्घाटन किया।
रियो ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा, ‘‘यह राज्य में स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं के इतिहास में मील का एक पत्थर है, विशेष रूप से कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में इससे बहुत मदद मिलेगी।’’
दो मशीनों के साथ प्रतिदिन प्रयोगशाला में 90 नमूनों की जांच की जा सकती हैं। जांच शुक्रवार से शुरू होंगी।
रियो ने कहा, ‘‘भगवान की कृपा से, हमारा राज्य कोविड-19 से मुक्त है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम कोविड-19 के संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए असम और मणिपुर भेजते रहे हैं और संकट के समय में हमारी मदद करने के लिए मैंपड़ोसी राज्यों की सरकारों के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं।’’
उन्होंने बताया कि बुधवार तक, असम और मणिपुर में नगालैंड के कुल 985 संदिग्ध नमूनों की जांच की गई। 985 में से 952 की रिपोर्ट निगेटिव आयी है, जबकि 33 के परिणाम की प्रतीक्षा की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि प्रयोगशाला न केवल कोविड-19 से निपटेगी, बल्कि किसी भी तरह के वायरस पर अनुसंधान भी करेगी।
राज्य सरकार ने 17 अप्रैल को एनएचएके में प्रयोगशाला स्थापित करने के लिए प्रक्रिया शुरू की थी, जबकि सभी प्रक्रिया 12 मई को पूरी हुई थी और सत्यापन के लिए दस्तावेज उसी दिन भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) को भेजे गए थे।
रियो ने कहा, देश के अन्य हिस्सों में फंसे नगालैंड के 1,672 लोग पहले ही आ चुके हैं और दीमापुर और कोहिमा और अन्य जिला मुख्यालयों में सरकारी पृथक-वास केंद्रों में हैं। गुरुवार रात को और लोग राज्य लौटेंगे।
अब तक, देश भर में फंसे राज्य के 18,622 लोगों ने राज्य में लौटने के लिए अपना नाम पंजीकृत कराया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम उनका स्वागत करते हैं, लेकिन लौटने वाले सभी लोगों को सरकार के निर्देशों का पालन करना है और उन्हें पृथकवास केंद्रों में रहना है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम टीम नगालैंड हैं और यह एकजुट प्रयास का ही नतीजा है कि वायरस आज तक राज्य में प्रवेश नहीं कर पाया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY