देश की खबरें | एअर इंडिया की उड़ान में सहयात्री पर पेशाब करने वाले यात्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

नयी दिल्ली, चार जनवरी दिल्ली पुलिस ने बुधवार को एक प्राथमिकी दर्ज कर उस यात्री को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया जिसने न्यूयॉर्क से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान में एक सह-यात्री पर पेशाब किया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एअर इंडिया को दी गई पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 294 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत), 354 (महिला को अपमानित करने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग), 509 (शब्द, इशारा या किसी महिला की लज्जा भंग करने का इरादा) और 510 (शराबी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक रूप से गलत व्यवहार) के साथ-साथ विमान नियमों के तहत के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा, “आरोपी यात्री पर नजर रखने के लिए हमने कई टीमों का गठन किया है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

एयर इंडिया ने बुधवार को कहा कि पिछले साल नवंबर में न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही उड़ान के दौरान सहयात्री पर पेशाब करने वाले यात्री पर आगामी 30 दिनों के लिए यात्रा प्रतिबंध लगा दिया गया है और एक आंतरिक समिति बनाकर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामले की जानकारी मिलने पर चालक दल के सदस्यों की तरफ से क्या कार्रवाई में लापरवाही हुई।

इसके अलावा विमानन नियामक डीजीसीए ने कहा कि उसने पिछले साल 26 नवंबर को हुई घटना को लेकर एयरलाइन से रिपोर्ट मांगी है। डीजीसीए ने कहा कि ''मामले में विमानन कंपनी के जो कर्मी लापरवाही बरतने के दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’

खबरों के अनुसार, 26 नवंबर को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एक उड़ान में नशे में धुत एक पुरुष यात्री ने एक महिला सहयात्री पर पेशाब कर दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)