पणजी, 25 नवंबर अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी का मानना है कि फिल्म उत्सव सिनेमा के छात्रों को सिखाने और उनकी मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
'कहानी', 'तलाश', 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' जैसी फिल्मों और वेब सीरीज 'सैक्रेड गेम्स' में काम कर चुके सिद्दीकी(49) यहां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के 54वें संस्करण में शामिल हुए।
अभिनेता ने कहा, ''इफ्फी जैसे उत्सव हमारे देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे सिनेमा के उन सभी छात्रों और कहानीकारों को मदद मिलेगी, जिनकी लेखन और निर्देशन में रुचि है। यहां विभिन्न कार्यक्रम और सत्र चल रहे हैं। आप फिल्में देखते हैं और अब वे लघु फिल्मों के लिए एक बेहतरीन मंच विकसित कर रहे हैं। बहुत सारी अच्छी पहल और कार्यक्रम शुरू किये जा रहे हैं।''
अभिनेता ने कहा कि जब वह छात्र थे, तो फिल्म उत्सव में ज्यादा कार्यक्रम नहीं होते थे, लेकिन अब परिदृश्य बहुत हद तक बदल गया है।
उन्होंने कहा,''अब, बहुत से विशेषज्ञ इस उत्सव में आ रहे हैं और अपने काम के बारे में बात कर रहे हैं। इसके अलावा, यहां बहुत सी गतिविधियां हैं, जो छात्रों को न केवल समृद्ध करेंगी, बल्कि आगे बढ़ने में उनकी मदद भी करेंगी।''
इफ्फी के साथ ही आयोजित राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) फिल्म बाजार में सिद्दीकी ने "बुक्स टू स्क्रीन" नामक सत्र में भाग लिया।
गोवा में आयोजित हो रहे इफ्फी के 54वें संस्करण का 28 नवंबर को समापन होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY