देश की खबरें | गोड्डा में छेड़खानी से तंग आकर युवती ने की आत्महत्या

गोड्डा, 27 अप्रैल झारखंड के गोड्डा में छेड़खानी से तंग आकर 18 वर्षीया एक युवती ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली । पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

गोड्डा के महगामा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एस एस तिवारी ने बताया कि यह घटना महगामा थाना क्षेत्र के जियाजोरी गांव की है।

उन्होंने बताया कि युवती के पिता ने बताया कि 25 अप्रैल को जियाजोरी गांव के रहनेवाले मुस्तकीन अंसारी ने घर में घुसकर उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ तथा मारपीट की और इस दौरान उसने लड़की का मोबाइल भी तोड़ दिया था।

शिकायत के अनुसार घर से जाते-जाते मुस्तकीन ने परिवार को तबाह कर देने की धमकी भी दी थी।

उन्होंने बताया कि घटना के समय युवती घर पर अकेली थी। बताया जाता है कि इस घटना के बाद लड़की डरी-सहमी और तनाव में थी।

लड़की के पिता ने बुधवार को ही पुलिस को इस घटना की सूचना दी थी।

पुलिस ने बताया कि अपने साथ हुई वारदात से आहत युवती ने बुधवार की दोपहर लगभग तीन बजे घर में पंखे के सहारे कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

उन्होंने बताया कि लड़की के पिता ने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आरोपी फरार है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)