देश की खबरें | राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का भय, हरियाणा से रायपुर पहुंचे कांग्रेस विधायक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हो रहे चुनाव में खरीद-फरोख्त से बचने के लिए हरियाणा से कांग्रेस के 27 विधायक बुधवार को रायपुर पहुंचे। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं ने यह जानकारी दी।
रायपुर, दो जून हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हो रहे चुनाव में खरीद-फरोख्त से बचने के लिए हरियाणा से कांग्रेस के 27 विधायक बुधवार को रायपुर पहुंचे। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं ने यह जानकारी दी।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि हरियाणा के 27 विधायक बुधवार शाम विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचे।
उन्होंने बताया कि रायपुर पहुंचे हरियाणा के विधायकों का राज्य के वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया। बाद में वह दो बसों में सवार होकर नया रायपुर स्थित एक रिसोर्ट के लिए रवाना हो गए।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, ये विधायक दिल्ली में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर एकत्र हुए और फिर वे विमान से रायपुर रवाना हुए।
हरियाणा में कांग्रेस के कुल 31 विधायक हैं जिनमें किरण चौधरी और कुलदीप बिश्नोई जैसे वरिष्ठ नेता भी शामिल हैं। बिश्नोई और किरण चौधरी के इन दिनों नाराज होने की खबरें हैं।
सूत्रों का कहना है कि पार्टी के एक अन्य विधायक चिरंजीव राव अपने जन्मदिन की वजह से रायपुर नहीं आ सके हैं, हालांकि वह पूरी तरह कांग्रेस के साथ हैं।
सूत्रों के अनुसार, हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा बृहस्पतिवार को रायपुर पहुंच सकते हैं।
हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने कृष्ण लाल पंवार और कांग्रेस ने अजय माकन को उम्मीदवार बनाया है। विधानसभा में पार्टियों के विधायकों की संख्या के आधार पर पंवार का निर्वाचन तय है, लेकिन माकन को चुनावी मुकाबले का सामना करना होगा क्योंकि दूसरी सीट के लिए एक मीडिया समूह के मालिक कार्तिकेय शर्मा ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया है। कार्तिकेय राज्य के पूर्व मंत्री विनोद शर्मा के पुत्र हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)