RBI Agriculture Loan Scheme: किसानों के लिए खुशखबरी! अब बिना किसी गारंटी के मिलेगा 2 लाख रुपये तक लोन, RBI का ऐलान
आरबीआई ने किसानों को राहत देने के लिए बिना गारंटी के कृषि ऋण की सीमा 1.6 लाख रुपये से बढ़ाकर 2 लाख रुपये करने का ऐलान किया है. इसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को वित्तीय संस्थानों से कर्ज लेने में आसानी प्रदान करना है.
मुंबई, 6 दिसंबर: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बढ़ती महंगाई से किसानों को राहत देने के मकसद से बिना गारंटी के अब दो लाख रुपये तक का कर्ज उपलब्ध कराने की घोषणा की है. अभी यह सीमा 1.6 लाख रुपये है.
आरबीआई के गवर्नर शक्तिकान्त दास ने मौद्रिक नीति समीक्षा की जानकारी देते हुए बुधवार को कहा, ‘‘मुद्रास्फीति और कृषि में उपयोग होने वाले कच्चे माल की लागत में वृद्धि को देखते हुए गारंटी मुक्त कृषि ऋण की सीमा को 1.6 लाख रुपये से बढ़ाकर दो लाख रुपये करने का निर्णय किया गया है.’’
उन्होंने कहा कि इससे वित्तीय संस्थानों से कर्ज लेने को लेकर छोटे और सीमांत किसानों का दायरा बढ़ेगा. उल्लेखनीय है कि आरबीआई ने 2010 में कृषि क्षेत्र को बिना किसी गारंटी के एक लाख रुपये देने की सीमा तय की थी. बाद में, 2019 में इसे बढ़ाकर 1.6 लाख रुपये कर दिया गया था.
आरबीआई ने कहा कि इस संबंध में परिपत्र जल्द ही जारी किया जाएगा.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 06, 2024 11:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

