देश की खबरें | बांकुड़ा में किसान को जंगली हाथी ने कुचला, मौत

बांकुड़ा, 29 अप्रैल पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में शुक्रवार को 51 वर्षीय एक किसान को जंगली हाथी ने कुचल कर मार डाला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक बड़जोरा के बारो मंचर निवासी तिलक सरकार सुबह मूंगफली की अपनी फसल को पानी देने के लिए खेत में गए थे।

पुलिस ने बताया कि उसी समय जंगली हाथी ने तिलक सरकार पर पीछे से हमला किया और उसे कुचल दिया।

कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर तिलक सरकार के पड़ोसी जाग गए, और उन्होंने उसे खून से लथपथ पाया। इसके बाद वे उसे बड़जोरा के एक अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बड़जोरा रेंज के एक वन अधिकारी ने कहा, ‘‘यह बहुत दुखद घटना है। हाथी संभवतः दामोदर नदी पार करने के बाद पश्चिम बर्धमान जिले से भोजन की तलाश में क्षेत्र में आया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘घटना के बाद हाथी संभवत: कंक्षा की ओर चला गया। पीड़ित परिवार को सरकारी नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)