एजेंसी न्यूज

मध्य प्रदेश के पन्ना में किसान को मिला 6.47 कैरेट का हीरा ,दो साल में छठवीं बार चमकी किसान की किस्मत

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक किसान को सरकार से पट्टे पर ली गई जमीन की खुदाई में उच्च गुणवत्ता वाला 6.47 कैरेट का हीरा मिला है. इस किसान को पिछले दो वर्षों में खुदाई में छठवीं बार हीरा मिला है.

मध्य प्रदेश के पन्ना में किसान को मिला 6.47 कैरेट का हीरा ,दो साल में छठवीं बार चमकी किसान की किस्मत
हिरा/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Facebook)

पन्ना (मप्र), 28 अगस्त : मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के पन्ना जिले में एक किसान को सरकार से पट्टे पर ली गई जमीन की खुदाई में उच्च गुणवत्ता वाला 6.47 कैरेट का हीरा मिला है. इस किसान को पिछले दो वर्षों में खुदाई में छठवीं बार हीरा मिला है. जिले के प्रभारी हीरा अधिकारी नूतन जैन ने शनिवार को बताया कि जरुआपुर गांव की एक खदान में शुक्रवार को प्रकाश मजूमदार को यह हीरा मिला. उन्होंने कहा कि 6.47 कैरेट के इस हीरे को आगामी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा और कीमत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार तय की जाएगी. मजूमदार ने कहा कि नीलामी से प्राप्त राशि को वह खनन में लगे अपने चार भागीदारों के साथ साझा करेंगे.

उन्होंने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘ हम पांच साझेदार हैं. हमें 6.47 कैरेट का हीरा मिला है. जिसे हमने सरकारी हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है.’’ मजूमदार ने कहा कि उन्हें पिछले साल 7.44 कैरेट का हीरा मिला था . इसके अलावा उन्हें पिछले दो वर्षों में 2 से 2.5 कैरेट के चार अन्य कीमती हीरे भी खनन में मिले थे. अधिकारियों ने कहा कि कच्चे हीरे की नीलामी की जाएगी और इससे होने वाली आय को सरकारी रॉयल्टी और करों की कटौती के बाद किसान को दिया जाएगा. निजी अनुमान के अनुसार नीलामी में 6.47 कैरेट के हीरे की कीमत करीब 30 लाख रुपये हो सकती है. यह भी पढ़ें : सीएम अरविंद केजरीवाल की बड़ी घोषणा, दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में 6 महीने में तैयार होंगे 6800 नए बेड

मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके में स्थित पन्ना जिले में लगभग 12 लाख कैरेट के हीरे का भंडार होने का अनुमान है. प्रदेश सरकार पन्ना हीरा आरक्षित इलाकों में स्थानीय किसानों और मजदूरों को हीरों के खनन के लिए जमीन के छोटे-छोटे टुकड़े पट्टे पर देती है. खनन में प्राप्त हीरों को किसान या श्रमिक, जिला हीरा अधिकारी के पास जमा कराते हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 28, 2021 03:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).