फरीदाबाद (हरियाणा), 15 नवंबर हरियाणा में तीन साल की बच्ची की कथित तौर पर हत्या करने और उसके शव को प्लास्टिक की थैली में रखने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। व्यक्ति ने पुलिस से बचने के लिए हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अपने घर की छत से कूदकर भागने की असफल कोशिश की थी। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आरोपी का अस्पताल में इलाज हो रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसके इलाज के बाद आरोपी से पूछताछ की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्ची मंगलवार शाम को लापता हो गई थी और तलाश के दौरान उसका शव आरोपी के घर से सटे एक घर के बाथरूम में प्लास्टिक की थैली में रखा हुआ मिला था।
पुलिस ने बताया कि प्रतीत होता है कि बच्ची की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है।
आरोप है कि बलात्कार की नाकाम कोशिश के बाद आरोपी ने बच्ची की हत्या कर दी।
बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जब पुलिस की एक टीम आरोपी के घर पहुंची तो उसने भागने की कोशिश की और छत से कूद गया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY