देश की खबरें | गुजरात के तीन शहरों और मुंबई से 317 करोड़ रुपये मूल्य के जाली नोट जब्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के सूरत शहर की पुलिस ने राज्य में विभिन्न स्थानों और मुंबई से 317 करोड़ रुपये मूल्य के जाली नोट जब्त किए हैं तथा इस सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
सूरत (गुजरात), चार अक्टूबर गुजरात के सूरत शहर की पुलिस ने राज्य में विभिन्न स्थानों और मुंबई से 317 करोड़ रुपये मूल्य के जाली नोट जब्त किए हैं तथा इस सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
मुख्य आरोपी विकास जैन को मुंबई से उठाया गया। वह एक कूरियर कंपनी संचालित करता है, जिसकी विभिन्न शहरों में शाखाएं हैं।
जाली नोट मुंबई, आणंद, सूरत और जामनगर में विभिन्न स्थानों से जब्त किये गए।
सूरत पुलिस ने एक विज्ञप्ति में बताया कि जाली नोट 2,000 और 500 रुपये मूल्य के हैं। साथ ही, नोटबंदी के दौरान चलन से बाहर कर दिए गये 500 और 1,000 रुपये के नोट भी जब्त किये गए हैं।
इसमें कहा गया है कि हाल में हितेश कोटाडिया नाम के एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद यह कार्रवाई की गई। वह 25.8 करोड़ रुपये मूल्य के जाली नोट एक एंबुलेंस से लेकर जा रहा था।
छह लोगों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, जैन जाली नोट आरोपियों को आपूर्ति करता था। वह गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और दिल्ली स्थित कार्यालयों से कूरियर सेवा भी संचालित करता है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि जैन उत्तर भारत के विभिन्न शहरों में जाली नोट छापता था और उसे अपनी कूरियर सेवा के जरिए मुंबई भेजता था। उसने महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के एक गोदाम में जाली नोट को छिपा कर रखा था।
पुलिस ने केवल मुंबई से 227 करोड़ रुपये मूल्य के जाली नोट जब्त किये हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)