सिलचर (असम), सात नवंबर असम-मिजोरम सीमा पर जारी तनाव के बीच अंतर-राज्यीय सीमा के निकट कछार जिले में एक प्राथमिक विद्यालय की इमारत को अज्ञात उपद्रवियों ने शनिवार सुबह विस्फोट कर उड़ा दिया।
पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020 Exit Polls Result: Republic Bharat एग्जिट पोल के नतीजे यहां देखें.
असम के एक निवासी को मिजोरम के हमलावरों द्वारा कथित तौर पर अगवा करने और उसके बाद उसकी हत्या करने की घटना का यहां के छात्र संगठन विरोध कर रहे हैं। असम के छात्र संगठनों द्वारा आहूत 12 घंटे के बंद के चलते कछार जिले सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
पुलिस ने बताया कि धोलई इलाके में दूर दराज के सादिरखाल वन क्षेत्र में स्थित स्कूल की इमारत में धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई पड़ी।
विस्फोट में कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस ने कहा कि घटना की जांच जारी है।
एक पखवाड़े के भीतर, जिले में किसी स्कूल की इमारत में विस्फोट की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 22 अक्टूबर को अंतरराज्यीय सीमा के निकट जिले के खुलीचेरा इलाके में बंगाली माध्यमिक स्कूल में बम विस्फोट हुआ था।
असम के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) जी.पी. सिंह ने 29 अक्टूबर को जिले के सीमावर्ती क्षेत्र का दौरा कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया था और कहा था कि स्कूल में विस्फोट स्थानीय लोगों को डराने के लिए संभवत: उपद्रवियों द्वारा किया गया कृत्य है।
असम-मिजोरम सीमा पर 17 अक्टूबर से तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। तब उपद्रवियों ने 18 अस्थायी झोपड़ियां और तीन मकानों को नुकसान पहुंचाया था। इस घटना के बाद असम, मिजोरम और केंद्र सरकार के शीर्ष अधिकारियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY