नयी दिल्ली, नौ फरवरी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली की आबकारी नीति में कथित ‘‘अनियमितताओं’’ से जुड़े धन शोधन के मामले में एक विज्ञापन कंपनी के निदेशक राजेश जोशी को गिरफ्तार किया है। आम आदमी पार्टी (आप) के गोवा विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में कंपनी की कथित तौर पर अहम भूमिका थी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
‘चैरियट प्रोडक्शंस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक राजेश जोशी को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था। उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा, जहां एजेंसी उनकी हिरासत का अनुरोध करेगी।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मामले में दाखिल किए अपने दूसरे आरोपपत्र में दावा किया है कि दिल्ली की अब रद्द कर दी गई आबकारी नीति में कथित रूप से ली गई 100 करोड़ रुपये की ‘‘रिश्वत’’ के एक हिस्से का इस्तेमाल 2022 के गोवा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के अभियान में किया गया। इस संबंध में जोशी की भूमिका की जांच की जा रही है।
निदेशालय के अनुसार, ‘‘ ‘आप’ ने 2022 के विधानसभा चुनाव में गोवा चुनाव अभियान के लिए संबंधित विज्ञापन और अन्य कार्यों’’ का जिम्मा ‘चैरियट प्रोडक्शंस’ को दिया था।
निदेशालय मामले में अभी तक जोशी सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुका है।
इस मामले में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और निदेशालय ने अपनी शिकायत में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और सरकार के कई अन्य आबकारी अधिकारियों को आरोपी बनाया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY