मुंबई, दो अप्रैल भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने निजी कारणों से अपनी घरेलू टीम मुंबई को छोड़ने का फैसला किया है ।
जायसवाल ने मुंबई क्रिकेट संघ को मंगलवार को लिखे पत्र में कहा कि वह मुंबई छोड़कर गोवा के लिये खेलना चाहते हैं । एमसीए ने उनका अनुरोध मान लिया ।
अब जायसवाल 2025 . 26 सत्र में गोवा के लिये खेलेंगे ।
एमसीए के एक अधिकारी ने बताया ,‘‘ यह हैरानी की बात है । उसने कुछ सोचकर ही यह कदम उठाया होगा । उनसे हमने कहा कि उसे रिलीज कर दिया जाये और हमने उसका अनुरोध मान लिया ।’’
जायसवाल ने मुंबई के लिये आखिरी मैच 23 से 25 जनवरी के बीच रणजी ट्रॉफी में जम्मू कश्मीर के खिलाफ खेला था । उन्होंने चार और 26 रन बनाये जबकि मुंबई को टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार जम्मू कश्मीर ने पांच विकेट से हराया ।
गोवा क्रिकेट संघ के सचिव शंबा देसाई ने पीटीआई से कहा ,‘‘ वह हमारे लिये ख्रेलना चाहता है और हम उसका स्वागत करते हैं । वह अगले सत्र से हमारे लिये खेलेगा ।’’
भारतीय टीम के लिये नहीं खेलने के समय जायसवाल गोवा की कप्तानी भी कर सकते हैं ।
इस बारे में पूछने पर देसाई ने कहा ,‘‘ हां, ऐसा हो सकता है । वह भारतीय क्रिकेट टीम के लिये खेलता है और वह हमारा कप्तान हो सकता है । उसकी उपलब्धता को देखते हम बात करेंगे ।’’
अर्जुन तेंदुलकर और सिद्धेश लाड के बाद मुंबई को छोड़कर गोवा जाने वाले जायसवाल तीसरे क्रिकेटर हैं । तेंदुलकर और लाड 2022 . 23 सत्र में गोवा चले गए थे ।लाड हालांकि पिछले सत्र में मुंबई के लिये लौटे हैं ।
जायसवाल ने जुलाई 2023 में भारत के लिये टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया और अब तक 19 मैचों में 52 से अधिक की औसत से रन बना चुके हैं ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY