देश की खबरें | प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए हेमंत सोरेन को समन भेजा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को नया समन भेजा है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

रांची, 11 दिसंबर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को नया समन भेजा है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सोरेन (48) को यहां हिनू क्षेत्र में संघीय एजेंसी के क्षेत्रीय कार्यालय में मंगलवार (12 दिसम्बर) को उपस्थित होने और धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है।

ईडी की ओर से सोरेन को जारी किया गया यह छठा नोटिस है, लेकिन वह एक भी बार एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई से संरक्षण का अनुरोध करते हुए उच्चतम न्यायालय और बाद में झारखंड उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की थी और समन को ‘अनुचित’ बताया था। दोनों अदालतों ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता ने उच्च न्यायालय में दावा किया था कि ‘दुर्भावना से प्रेरित होकर’ उनके खिलाफ समन भेजा गया था और राज्य में राजनीतिक अनिश्चितता तथा अशांति पैदा करने के एकमात्र उद्देश्य से उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए थे।

ईडी ने सोरेन को 14 अगस्त को अपना पहला समन भेजा था।

प्रवर्तन निदेशालय की जांच इस आरोप को लेकर चल रही है कि ‘माफिया द्वारा भूमि के मालिकाना हक को अवैध रूप से बदलने का एक बड़ा गिरोह झारखंड में सक्रिय’ था।

एजेंसी ने इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2011 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी छवि रंजन भी शामिल हैं। रंजन पहले राज्य समाज कल्याण विभाग के निदेशक और रांची के उपायुक्त के रूप में कार्यरत थे।

संघीय एजेंसी ने पिछले साल नवंबर में राज्य में कथित अवैध खनन से जुड़े एक अन्य धनशोधन मामले में सोरेन से पूछताछ की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\