देश की खबरें | इंद्रप्रस्थ जल रेगुलेटर पर तटबंध का काम पूरा हुआ: उपराज्यपाल

नयी दिल्ली, 14 जुलाई दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने शुक्रवार देर रात कहा कि सेना ने यमुना नदी के तेज बहाव के कारण इंद्रप्रस्थ के निकट क्षतिग्रस्त हुए जल रेगुलेटर (गति व्यवस्थापक) की मरम्मत का काम पूरा कर लिया है।

उपराज्यपाल ने ट्वीट किया, ‘‘मजदूर कर्मियों, भारतीय सेना के जवानों और अधिकारियों को नमन। उनके अथक प्रयास और परिश्रम से ही विश्व स्वास्थ्य संगठन की इमारत के सामने यमुना का तटबंध किया जा सका और आईटीओ बैराज पर गाद से जाम द्वार को खोला जा सका।’’

उन्होंने ट्वीट में ईश्वर से प्रार्थना की कि बाढ़ की स्थिति में निरंतर सुधार हो।

इससे पहले उपराज्यपाल कार्यालय ने उम्मीद जताई थी कि देर रात तक काम पूरा हो जाएगा।

उफनती यमुना नदी ने शुक्रवार को शांत होने के संकेत दिए, हालांकि एक दिन पहले जल रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने के कारण आईटीओ, रिंग रोड पर बाढ़ का पानी घुस गया, जो बहते-बहते मथुरा रोड पर उच्चतम न्यायालय के करीब पहुंच गया।

उपराज्यपाल कार्यालय के एक बयान में कहा था कि सेना ने आईटीओ बैराज के पांच गेटों को जाम करने वाली गाद और कीचड़ को साफ करने का काम भी पूरा कर लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)