देश की खबरें | निर्वाचन आयोग ने ‘आइटम’ टिप्पणी के लिए कमलनाथ को नोटिस जारी किया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर निर्वाचन आयोग ने भाजपा उम्मीदवार और मंत्री इमरती देवी के बारे में ‘आइटम’ टिप्पणी को लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ को बुधवार को नोटिस जारी किया। आयोग ने कहा कि उनकी टिप्पणी विधानसभा उपचुनाव के कारण राज्य में लागू आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है ।

नोटिस में कहा गया है, ‘‘इसलिए आयोग आपको अपने उपरोक्त बयान के लिए यह नोटिस मिलने के 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का मौका दे रहा है। ऐसा नहीं होने पर निर्वाचन आयोग इस संबंध में कदम उठाएगा।’’

यह भी पढ़े | EC ने ‘आइटम’ वाले बयान पर कमलनाथ से मांगा 48 घंटे में जवाब.

मध्य प्रदेश में डबरा सीट पर तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने रविवार को कहा था कि कांग्रेस के प्रत्याशी ‘सामान्य व्यक्ति’ हैं जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी ‘आइटम’ हैं। भाजपा ने डबरा सीट पर इमरती देवी को प्रत्याशी बनाया है।

उनकी इस टिप्पणी पर विरोध शुरू हो गया और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने कमलनाथ के खिलाफ प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी कमलनाथ से उनकी टिप्पणी के लिए स्पष्टीकरण मांगा । कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने अपनी टिप्पणी के लिए खेद जताया था और कहा था कि उन्होंने कुछ भी असम्मानजनक नहीं कहा है ।

यह भी पढ़े | बीजेपी विधायक Mahesh Negi के खिलाफ यौन शोषण का मामला, उत्तराखंड हाईकोर्ट ने जांच अधिकारियों से मांगा प्रोग्रेस रिपोर्ट.

निर्वाचन आयोग के नोटिस में कहा गया कि उसे कमलनाथ के खिलाफ भाजपा से एक शिकायत मिली है तथा राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इसका संदर्भ दिया है।

नोटिस में कहा गया, ‘‘आयोग ने ग्वालियर के डबरा में 18 अक्टूबर को कमलनाथ द्वारा दिए गए भाषण के वीडियो क्लिप और टिप्पणी के विवरण पर गौर किया है और इस बयान को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना है। ’’

मध्य प्रदेश में 28 सीटों के लिए तीन नवंबर को उपचुनाव होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)