देश की खबरें | निर्वाचन आयोग नगालैंड में चुनाव कराने को प्रतिबद्ध : सीईसी राजीव कुमार

कोहिमा, 14 जनवरी निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने शनिवार को जोर देकर कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त जिम्मेदारी के तहत वह नगालैंड में ‘चुनाव कराएगा’।

मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा, ‘‘चाहे जो भी परिस्थिति हो, हम चुनाव संपन्न कराएंगे और यह राजनीतिक प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करता है।’’इस मौके पर चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय और अरुण गोयल भी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि नगा नागरिक संस्थाएं नगा राजनीतिक मुद्दे के समाधान के बाद विधानसभा चुनाव कराने की मांग कर रही हैं, जबकि ईस्टर्न नगालैंड पीपुल्स ऑर्गनाइजेशन ने राज्य के छह पूर्वी जिलों को मिलाकर अलग राज्य बनाने की मांग पूरी होने तक चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार करने की घोषणा की है।

कुमार ने कहा कि संविधान में स्पष्ट तौर पर प्रावधान है और निर्वाचन आयोग को जिम्मेदारी दी गई है कि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने से पहले निर्वाचित सरकार गठित हो जानी चाहिये और अगर ऐसा नहीं होता तो अलग तरह की समस्या खड़ी हो जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘संविधान के तहत निर्वाचन आयोग को अधिकृत किया गया है कि वह मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने से पहले चुनाव संपन्न कराकर नतीजे घोषित करे, ताकि सरकार बन सके और हम इस कर्तव्य से बंधे हुए हैं।’’

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मौजूदा नगालैंड विधानसभा का कार्यकाल 12 मार्च को समाप्त हो रहा है।

विधानसभा चुनाव की तारीखों के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने कहा कि आयोग पूर्वोत्तर के तीनों राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड से फीडबैक ले रहा है और प्रक्रिया के तहत वे वापस जाने के बाद अगले दौर की चर्चा करेंगे और चुनाव की तारीखों की घोषणा की जाएगी।

राजनीतिक दलों द्वारा मतदान में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की जगह मतपत्र का इस्तेमाल किये जाने की मांग पर उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से भी पीछे जाने का सवाल नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)