इंडिगो की दिल्ली-मिजोरम उड़ान की उद्घोषणा में चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया गया: रमेश
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को दावा किया कि दिल्ली और मिजोरम के बीच संचालित निजी विमानन सेवा कंपनी ‘इंडिगो’ की फ्लाइट में पिछले दिनों चालक दल की उद्घोषणा के दौरान ‘नियमित चीजों’ को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जिक्र किया गया और निर्वाचन आयोग का उल्लेख किए बिना मतदान की अपील की गई, जो चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।
नयी दिल्ली, 1 नवंबर: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को दावा किया कि दिल्ली और मिजोरम के बीच संचालित निजी विमानन सेवा कंपनी ‘इंडिगो’ की फ्लाइट में पिछले दिनों चालक दल की उद्घोषणा के दौरान ‘नियमित चीजों’ को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जिक्र किया गया और निर्वाचन आयोग का उल्लेख किए बिना मतदान की अपील की गई, जो चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है. मिजोरम विधानसभा की 40 सीट के लिए सात नवंबर को मतदान होना है.
फिलहाल रमेश के दावे पर ‘इंडिगो’ की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. हाल ही में मिजोरम का दौरा करने वाले रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पिछले हफ्ते मैंने आइजोल और फिर वहां से वापस दिल्ली के लिए इंडिगो की फ्लाइट ली. दोनों ही तरफ से चालक दल के सदस्यों द्वारा घोषणा की गई, जिसमें कुछ नियमित और बेहद मामूली चीजों को लेकर प्रधानमंत्री 'श्री नरेंद्र मोदी जी' के नेतृत्व का जिक्र किया जा रहा था.’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘इनमें से एक उद्घोषणा के तुरंत बाद वोट अपील की जा रही थी. इसमें यात्रियों से आगामी विधानसभा चुनावों में वोट देने के लिए कहा जा रहा था। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इस घोषणा में चुनाव आयोग का कोई उल्लेख नहीं था.’’ रमेश ने आरोप लगाया कि यह आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट रूप से उल्लंघन है.
उन्होंने दावा किया, ‘‘इससे पहले कभी भी कोई प्रधानमंत्री अपनी कमजोर होती छवि को बचाने के लिए, विशेष रूप से महत्वपूर्ण चुनावों से पहले, जनता की नजरों में बने रहने के लिए इस स्तर तक नहीं गिरा है. साफ है, इस व्यक्ति की असुरक्षा, नागरिक उड्डयन मंत्री की चाटुकारिता और ऐसा करने वाले एयरलाइन की कायरता की कोई सीमा नहीं है.’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘शुक्र है कि आज रायपुर के लिए मैंने जिस दूसरी एयरलाइन की फ्लाइट ली, वह उस स्तर तक नहीं गिरी. यह देखकर अच्छा लगा कि कुछ कॉरपोरेट अब भी मोदी सरकार के दबाव के बावजूद निष्पक्ष प्रक्रियाओं का पालन कर रहे हैं.’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 01, 2023 06:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

