देश की खबरें | नोएडा की सोसाइटी में तार ट्रटने के कारण लिफ्ट गिरने से उसमें फंसी बुजुर्ग महिला की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नोएडा के एक आवासीय परिसर में बृहस्पतिवार को लिफ्ट का तार टूट जाने के कारण उसमें फंसी 73 वर्षीय महिला की संभवतः हृदय गति रुकने से मौत हो गई। लिफ्ट का तार टूट जाने के कारण महिला झटका लगने से उसके फर्श पर गिर गई थी। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नोएडा (उप्र), तीन अगस्त नोएडा के एक आवासीय परिसर में बृहस्पतिवार को लिफ्ट का तार टूट जाने के कारण उसमें फंसी 73 वर्षीय महिला की संभवतः हृदय गति रुकने से मौत हो गई। लिफ्ट का तार टूट जाने के कारण महिला झटका लगने से उसके फर्श पर गिर गई थी। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने घटना के बारे में कहा कि लिफ्ट जमीन से नहीं टकराई, बल्कि इमारत के मध्य की मंजिलों के बीच फंस गई। घटना शाम करीब साढ़े चार बजे सेक्टर 137 स्थित बहुमंजिला सोसाइटी में हुई।
पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) अनिल कुमार यादव ने बताया कि जब लिफ्ट का तार टूटा तब सुशीला देवी उसमें अकेली थीं और अचानक तार टूटने से लगे झटके के कारण वह नीचे लिफ्ट में फर्श पर गिर गईं। हालांकि महिला के लिफ्ट में घुसने से पहले ही इमारत की ऊपरी मंजिल के किसी निवासी ने लिफ्ट का ऊपर पहुंचने वाला बटन दबा दिया था।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘आज सेक्टर 142 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर 137 स्थित पारस टिएरा सोसाइटी में लिफ्ट का तार टूटने से लिफ्ट तेजी से नीचे आ गिरी। इस घटना में लिफ्ट में सवार महिला मूर्छित हो गई। महिला लिफ्ट में अकेली थी। उसे फेलिक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।’’
घटना शाम करीब साढ़े चार बजे हुई और एक घंटे बाद अस्पताल में महिला की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
फेलिक्स अस्पताल के एक डॉक्टर ने पीटीआई- से कहा, ‘‘महिला के सिर के पीछे चोटें थीं और कोहनियों पर खरोंच थी, जो लिफ्ट से गिरने के कारण हुई प्रतीत होती है। महिला को जब अस्पताल लाया गया तो उसकी नाड़ी की गति रुकी थी और उसकी पलकें फैली हुई थीं। संभवत: अचानक हुई इस घटना के कारण महिला को दिल का दौरा पड़ा था।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)