देश की खबरें | जम्मू और तमिलनाडु में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा का त्योहार

(फोटो के साथ)

जम्मू/चेन्नई, 29 जून जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और देश की शांति तथा समृद्धि की दुआओं के साथ नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में एकत्र हुए।

पुंछ में भारतीय और पाकिस्तानी सैनिकों ने मिठाइयों और उपहारों का आदान-प्रदान किया और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।

बकरीद या ईद-उल-अजहा, जिसे कुर्बानी के त्योहार के रूप में भी जाना जाता है, दुनिया भर के मुसलमानों के बीच महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है।

जम्मू में ईदगाह और मक्का मस्जिद में सैकड़ों लोगों ने नमाज-ए-ईद अदा की।

गुलाम मोहम्मद नामक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, ‘‘जम्मू में बड़ी संख्या में लोग नमाज के लिए यहीं ईदगाह में एकत्र होते हैं। भाईचारे की भावना ने एक अद्भुत उदाहरण पेश किया। पैगंबर के बलिदान को याद करने के अलावा, हमने अपने राष्ट्र की शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। ’’

भटिंडी इलाके में मक्का मस्जिद में नमाज अदा करने वाले सोनाउल्लाह मलिक ने कहा कि इस दिन विभिन्न धर्मों के लोग मुसलमानों के साथ मिलकर जश्न मनाते हैं, एक-दूसरे को मिठाई खिलाते हैं और हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं।

कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भाल ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ मक्का मस्जिद में मुसलमानों का स्वागत किया और भाईचारे और सामुदायिक सद्भाव का संदेश दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं यहां उन्हें बधाई देने और उनके साथ ईद में हिस्सा लेने आया हूं। ’’

जम्मू क्षेत्र के डोडा, किश्तवाड़, रामबन, पुंछ, राजौरी, रियासी और कठुआ में मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। जिला प्रशासन ने त्योहार को सुरक्षित और सुचारू रूप से मनाने के लिए सुरक्षा उपाय बढ़ाने सहित विस्तृत व्यवस्था की।

भारतीय सेना की सरला बटालियन ने सद्भावना के रूप में बकरीद की पूर्व संध्या पर पाकिस्तानी सेना (20 पीओके) को मिठाई का एक पैकेट भेंट किया। पाकिस्तानी सेना ने भी ईद की मुबारकबाद देते हुए मिठाई भेंट कीं।

तमिलनाडु में भी बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया गया और हजारों मुसलमानों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की।

चेन्नई में बड़ी संख्या में मुसलमान दून बॉस्को स्कूल के मैदान में एकत्र हुए और नमाज अदा की, जबकि तिरुपथुर, डिंडीगुल, वेल्लोर, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों सहित राज्य के कई हिस्सों में भी लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज में हिस्सा लिया।

राज्यपाल आर एन रवि ने मुस्लिम भाइयों और बहनों को ईद की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बलिदान का यह त्योहार, ईद-उल-अजहा मानवता के लिए ईश्वर की इच्छा का अनुपालन करते हुए धर्मनिष्ठ नेता द्वारा दी गयी सर्वोच्च कुर्बानी का प्रतीक है।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा, ‘‘आइए, एक परिवार के रूप में सहानुभूति, भाईचारे और करुणा की सच्ची भावना को मजबूत करके एक शांतिपूर्ण, आत्मनिर्भर और सामंजस्यपूर्ण भारत का निर्माण करें।’’

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, अन्नाद्रमुक महासचिव के पलानीस्वामी और कई अन्य नेताओं ने भी इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

तमिलनाडु तौहीद जमात (टीएनटीजे) ने इस अवसर पर गरीबों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की। टीएनटीजे के नियंत्रण में राज्य की करीब 800 मस्जिदें हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)