देश की खबरें | महिलाओं को शिक्षित करना, आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना अहिल्यादेवी होल्कर को सच्ची श्रद्धांजलि होगी: सिद्धरमैया

बारामती, 25 जून कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने रविवार को कहा कि महिलाओं को शिक्षित करना और उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना इंदौर रियासत की 18वीं सदी की शासक अहिल्यादेवी होल्कर को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सिद्धरमैया ने पुणे जिले के बारामती शहर में होल्कर की 298वीं जयंती के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही।

उन्होंने कहा, “महिलाओं को शिक्षित करना और उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना ही अहिल्यादेवी होल्कर को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”

सिद्धरमैया ने कहा, “हमने पूरे कर्नाटक में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और परिवार की मुखिया महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह 2,000 रुपये जमा कराने की घोषणा करके इस लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में कुछ कदम उठाए हैं।”

उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा संबंधी कांग्रेस का वादा उनके शपथ ग्रहण के 24 घंटे के भीतर लागू कर दिया गया, जबकि 2,000 रुपये प्रतिमाह के आश्वासन को इस साल 15 अगस्त से पूरा किया जायेगा।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) महाराष्ट्र में अगला विधानसभा चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि उन्हें राज्य में महिलाओं के लिए इन योजनाओं को लागू करना चाहिए।

इस मौके पर राकांपा प्रमुख शरद पवार, उनकी बेटी एवं पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले, महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बालासाहेब थोराट मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)