देश की खबरें | ईडी ने तेलंगाना में भेड़ वितरण घोटाले के सिलसिले में हैदराबाद के कई स्थानों पर छापेमारी की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने करोड़ों रुपये के भेड़ पालन एवं वितरण ‘‘घोटाले’’ से जुड़े धनशोधन के मामले की जांच के तहत हैदराबाद के कई स्थानों पर बुधवार को छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
हैदाराबाद, 30 जुलाई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने करोड़ों रुपये के भेड़ पालन एवं वितरण ‘‘घोटाले’’ से जुड़े धनशोधन के मामले की जांच के तहत हैदराबाद के कई स्थानों पर बुधवार को छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की पिछली सरकार के दौरान यह कथित घोटाला हुआ था।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बीआरएस के पूर्व मंत्री तलसानी श्रीनिवास यादव के ओएसडी (विशेष कार्य अधिकारी) जी. कल्याण के अलावा घोटाले में शामिल लाभार्थियों और कथित बिचौलियों से जुड़े कम से कम आठ स्थानों पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत तलाशी ली जा रही है।
राज्य पुलिस द्वारा इस घोटाले के संबंध में दर्ज की गई प्राथमिकी के बाद ईडी इस घोटाले से जुड़े धनशोधन के मामले की जांच कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि ईडी ने पाया है कि प्राथमिकी में उक्त अपराध से केवल 2.1 करोड़ रुपये कमाए जाने की बात का जिक्र है लेकिन नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) की रिपोर्ट में इस घोटाले से राज्य सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान बताया गया है।
सूत्रों ने बताया, “मार्च-2021 को समाप्त अवधि के लिए कैग ऑडिट रिपोर्ट में भेड़ पालन विकास योजना (एसआरडीएस) के कार्यान्वयन में कई “अनियमितताओं” का खुलासा हुआ, जैसे लाभार्थियों के विवरणों का उचित रखरखाव न होना, परिवहन चालान और भुगतान से संबंधित चालानों का अनुचित रिकॉर्ड, नकली/यात्री वाहनों/गैर-परिवहन वाहनों के पंजीकरण नंबर वाले बिलों के आधार पर भुगतान, भेड़ इकाइयों को नकली ‘टैग’ आवंटित करना जैसी गड़बड़ियां शामिल हैं।”
ईडी मृत/अस्तित्वहीन व्यक्तियों को आवंटित भेड़ इकाइयों से संबंधित आरोपों की भी जांच कर रही है।
ईडी ने पाया कि कैग की ऑडिट रिपोर्ट केवल सात जिलों (तेलंगाना के 33 में से) तक सीमित है, जिसमें पता चला कि राज्य सरकार को अनुमानित 253.93 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
सूत्रों ने बताया कि तेलंगाना के सभी 33 जिलों के लिए आनुपातिक आधार पर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने की आशंका है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 30, 2025 12:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

