देश की खबरें | ईडी के अधिकारियों ने मंत्री आनंद के आवास पर छापेमारी के दौरान परिवार को परेशान किया: ‘आप’

नयी दिल्ली, तीन नवंबर दिल्ली के मंत्री राजकुमार आनंद के आवास पर ईडी की छापेमारी के बाद शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विपक्ष को “डराने और चुप कराने” के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

दिल्ली की मंत्री आतिशी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने छापे के दौरान आनंद के आवास पर तोड़फोड़ की और उनके परिवार के सदस्यों को परेशान किया, लेकिन उनके खिलाफ कुछ नहीं मिला।

संवाददाता सम्मेलन में आनंद ने कहा कि छापेमारी एक “राजनीतिक साजिश” है और “हमें सच्चाई और काम की राजनीति करने की वजह से परेशान किया जा रहा है। हम ईडी या सीबीआई से नहीं डरते और अपने नेता अरविंद केजरीवाल का अनुसरण करते रहेंगे।”

आनंद और उनसे जुड़े कुछ अन्य लोगों के खिलाफ धनशोधन जांच के तहत बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे शुरू हुई छापेमारी शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे खत्म हुई।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा है कि ईडी की जांच अंतरराष्ट्रीय हवाला लेनदेन और सात करोड़ रुपये से अधिक की सीमा शुल्क चोरी के लिए आयात को लेकर झूठी घोषणाओं के आरोप में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) द्वारा दायर आरोप पत्र के संबंध में शुरू हुई है।

आतिशी ने कहा कि ईडी की छापेमारी 19 साल पुराने मामले के सिलसिले में की गई, जो कई वर्षों से सीमा शुल्क न्यायाधिकरण में लंबित था।

उन्होंने कहा, “भाजपा की दो एजेंसियां ‘आप’ को परेशान करने में लगी हैं। आनंद के आवास पर छापेमारी 20 घंटे तक जारी रही, आवास पर तोड़फोड़ की गई और परिवार के सदस्यों को परेशान किया गया। उनके रिश्तेदारों और व्यापारिक सहयोगियों के स्थानों पर भी छापे मारे गए।”

उन्होंने कहा, “मैं भाजपा को बताना चाहती हूं कि हम ईडी और सीबीआई से नहीं डरते हैं और जेल जाने के लिए तैयार हैं। वे हमें चुप नहीं करा सकते या (लोगों के लिए) काम करने से नहीं रोक सकते। हम भाजपा के भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे।”

आनंद ने कहा कि 2005 में राजस्व खुफिया निदेशालय द्वारा उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठान की तलाशी ली गई थी और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने नोटिस को अदालत में चुनौती दी है।

एक अलग संवाददाता सम्मेलन में ‘आप’ की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन और संजय सिंह के बाद अब आनंद को निशाना बना रही है।

उन्होंने कहा, “भाजपा लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पानी उपलब्ध कराने में विफल रही है और अन्य राज्यों के लोग विकास का दिल्ली मॉडल चाहते हैं जो लोकप्रिय है क्योंकि यह लोगों का उत्थान करता है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)