अच्छी खबर: तेजी से पटरी पर आ रही है अर्थव्यवस्था- रिपोर्ट
देश की अर्थव्यवस्था तेजी से सामान्य स्तर की ओर बढ़ रही है. जापान की ब्रोकरेज कंपनी नोमुरा ने अपने अध्ययन में कहा कि तीन जनवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान घरेलू अर्थव्यवस्था तेजी से सामान्यीकरण के रास्ते पर है.
मुंबई: देश की अर्थव्यवस्था तेजी से सामान्य स्तर की ओर बढ़ रही है. जापान की ब्रोकरेज कंपनी नोमुरा ने अपने अध्ययन में कहा कि तीन जनवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान घरेलू अर्थव्यवस्था तेजी से सामान्यीकरण के रास्ते पर है. नोमुरा इंडिया व्यापार पुन:आरंभ सूचकांक (इंडिया बिजनेस रिजम्पशन इंडेक्स-एनआईबीआरआई) तीन जनवरी को समाप्त सप्ताह में 94.5 रहा जो दिसंबर में औसतन 91.7 था.
उल्लेखनीय है कि कोविड-19 महामारी और उसकी रोकथाम के लिये 25 मार्च से लगाये गये ‘लॉकडाउन’ से आर्थिक गतिविधियां लगभग ठप हो गयी थीं. इससे विश्लेषकों ने आर्थिक प्रदर्शन के अनुमान को कम कर दिया था. हालांकि पुनरुद्धार की गति उम्मीद के विपरीत तेज रही और आरबीआई अब 2020-21 में केवल 7.5 प्रतिशत गिरावट की उम्मीद कर रहा है. Indian Economy Forecast: साल 2021 में 10 फीसदी की दर से ग्रोथ करेगी भारतीय अर्थव्यवस्था.
ब्रोकरेज कंपनी के अनुसार बिजली मांग में पिछले दो सप्ताह में 2.7 प्रतिशत और 3.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी. इसमें ताजा आलोच्य सप्ताह में साप्ताहिक आधार पर 2.7 प्रतिशत का सुधार हुआ है.
श्रम भागीदारी दर नरम होकर जनवरी की शुरुआत में 40.3 प्रतिशत रही जो दिसंबर में 40.9 थी.
बयान के अनुसार सूचकांक दिसंबर में 91.7 रहा जो नवंबर के 86.3 के मुकाबले अधिक है. वहीं जनवरी में बढ़कर 94.5 पर पहुंच गया.
नोमुरा के अनुसार, ‘‘अर्थव्यवस्था के तेजी से पटरी पर आने का संकेत त्योहार और जाड़े के मौसम के बावजूद संक्रमण के नये मामलों में कमी को बताता है. इसी स्थिति के अनुरूप वाहन बिक्री, आयात में वृद्धि, जीएसटी संग्रह, विनिर्माण पीएमआई (परचेजिंग मैनेजर इंडेक्स) और डीजल की बिक्री बेहतर हुई है.’’
बयान के अनुसार अल्पकाल में कमजोर वैश्विक वृद्धि और महामारी के फैलने को लेकर जोखिम है.
वहीं मध्यम अवधि में आसान वित्तीय स्थिति, मजबूत वैश्विक मांग और टीकाकरण में तेजी 2021 में अर्थव्यवस्था को गति दे सकती है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 04, 2021 09:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

