जरुरी जानकारी | आर्थिक समीक्षा में बढ़ती मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए आमूलचूल परिवर्तन का आह्वान

नयी दिल्ली, 22 जुलाई भारतीयों में बढ़ती मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को रेखांकित करते हुए वित्त वर्ष 2023-24 की आर्थिक समीक्षा में इससे निपटने के लिए आमूलचूल परिवर्तन का आह्वान किया गया है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की तरफ से सोमवार को संसद में पेश आर्थिक समीक्षा 2023-24 के मुताबिक, समाज में मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना स्वास्थ्य और आर्थिक दोनों नजरिये से जरूरी है।

इस विषय पर पहली बार व्यापक चर्चा करते हुए आर्थिक समीक्षा में इस मुद्दे के विभिन्न सामाजिक-आर्थिक पहलुओं पर प्रकाश डाला गया है। इसमें कहा गया है कि मानसिक स्वास्थ्य व्यक्तियों के शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों की तुलना में उत्पादकता को अधिक व्यापक रूप से प्रभावित करता है।

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएमएचएस) 2015-16 के आंकड़ों का हवाला देते हुए आर्थिक समीक्षा में कहा गया है कि भारत में 10.6 प्रतिशत वयस्क मानसिक विकारों से पीड़ित हैं, जबकि विभिन्न मानसिक विकारों के लिए उपचार का अंतराल 70 से 92 प्रतिशत के बीच है।

एनएमएचएस के अनुसार, शहरी महानगर क्षेत्रों में 13.5 प्रतिशत मानसिक रुग्णता पाई गई जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह 6.9 प्रतिशत और शहरी गैर-महानगरीय क्षेत्रों में 4.3 प्रतिशत पाई गई। इसमें कहा गया है कि 25 से 44 वर्ष की आयु के व्यक्ति मानसिक बीमारियों से सबसे अधिक प्रभावित होते हैं।

एनसीईआरटी के ‘स्कूली छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण सर्वेक्षण’ का हवाला देते हुए आर्थिक समीक्षा में कहा गया है कि किशोरों में मानसिक स्वास्थ्य की समस्या बढ़ रही है। इसमें कोविड-19 महामारी के कारण और वृद्धि हुई है।

समीक्षा में एक सर्वेक्षण का जिक्र करते हुए कहा गया है कि 11 प्रतिशत छात्रों ने चिंता महसूस करने की बात कही है, 14 प्रतिशत ने अत्यधिक भावनात्मक उतार-चढ़ाव का जिक्र किया जबकि 43 प्रतिशत छात्रों ने मनोदशा में बहुत तेजी से बदलाव की बात कही है। सर्वेक्षण में शामिल 50 प्रतिशत छात्रों ने पढ़ाई और 31 प्रतिशत ने परीक्षा तथा परिणामों को चिंता का कारण बताया।

समीक्षा में कहा गया है ‘‘मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित करती हैं और उसकी क्षमता को बाधित करती हैं। समग्र आर्थिक स्तर पर, मानसिक स्वास्थ्य विकार का परिणाम उत्पादकता में कमी, विकलांगता और स्वास्थ्य देखभाल की बढ़ती लागत के कारण महत्वपूर्ण उत्पादकता हानि के रूप में मिलता है।’’

इसमें कहा गया है कि भारत मानसिक स्वास्थ्य को समग्र कल्याण के मूलभूत पहलू के रूप में मान्यता देकर नीतिगत विकास में सकारात्मक गति पैदा कर रहा है। समीक्षा के अनुसार, ‘‘विभिन्न नीतियां लागू हैं और उनका उचित कार्यान्वयन जमीनी स्तर पर सुधार को गति दे सकता है। फिर भी, मौजूदा कार्यक्रमों में कुछ खामियाँ हैं जिन्हें उनकी प्रभावशीलता को अधिकतम करने के लिए दूर करने की जरूरत है।’’

इसमें कहा गया है कि मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता की कमी और इसे ‘सामाजिक धब्बे’ के तौर पर देखने का नजरिया ईमानदारी से तैयार किए गए कार्यक्रम को अव्यावहारिक बना सकता है।

आर्थिक समीक्षा कहती है, ‘‘मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दे को हल करने में आदर्श बदलाव लाने और व्यापक दृष्टिकोण तथा आमूलचूल बदलाव की जरूरत है। सोच बदलने की शुरुआत शारीरिक बीमारियों को स्वीकार करने और मानसिक स्वास्थ्य की समस्या का उपचार तलाशने की स्वाभाविक मानवीय प्रवृत्ति का संज्ञान लेने से होती है।’’

समीक्षा में सुझाव दिया गया है कि स्कूलों में मानसिक स्वास्थ्य समस्या के समाधान के प्रभावी तरीकों में शिक्षकों और छात्रों के लिए उम्र के अनुरूप मानसिक स्वास्थ्य पाठ्यक्रम का विकास, सकारात्मक को प्रोत्साहन, सामुदायिक स्तर पर बातचीत को बढ़ावा देना और प्रौद्योगिकी की भूमिका का संतुलन शामिल हो सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)