जरुरी जानकारी | सोशल मीडिया को जवाबदेह बनाने के लिए पारिस्थितिकी तैयार की जा रही है : वैष्णव

गांधीनगर, पांच जुलाई सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया को 'बेहद सशक्त माध्यम' बताते हुए मंगलवार को कहा कि इसे जवाबदेह बनाने से जुड़ा सवाल बेहद महत्वपूर्ण है और इसके लिए भारत समेत दुनिया भर में एक पारिस्थितिकी खड़ी की जा रही है।

वैष्णव ने यहां संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि सोशल मीडिया को जवाबदेह बनाने की दिशा में स्व-नियमन पहला कदम है जिसके बाद उद्योग का अपना नियमन आता है। फिर सरकार की तरफ से किए जाने वाले नियमन का स्थान आता है।

उन्होंने कहा, ‘‘सोशल मीडिया एक बेहद सशक्त माध्यम है। सोशल मीडिया का हमारी जिंदगी पर बहुत असर होता है। दुनियाभर में यह सवाल काफी मौजूं हो चुका है कि इसे किस तरह जवाबदेह बनाया जाए। दुनियाभर के देश एवं समाज सोशल मीडिया को जवाबदेह बनाने की दिशा में बढ़ रहे हैं।’’

सोशल मीडिया को जवाबदेह बनाए जाने के तरीके के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘पहला कदम स्व-नियमन है। समाज पर नुकसानदेह असर डालने वाली किसी भी सामग्री को हटाया जाना चाहिए। फिर उद्योग नियमन और उसके बाद जाकर सरकारी नियमन का स्थान आता है।’’

वैष्णव ने कहा, ‘‘दुनियाभर में हर जगह और अपने देश में भी सोशल मीडिया को जवाबदेह बनाने के लिए एक पारिस्थितिकी, एक विचार प्रक्रिया बनाने की कोशिश जारी है।’’

इसके साथ ही उन्होंने मुनाफे में हिस्सेदारी की एक 'निष्पक्ष व्यवस्था' की जरूरत पर भी बल दिया। उन्होंने कहा, ‘‘सामग्री बनाने के लिए कड़ी मेहनत करने वाले शख्स को भी फेसबुक जैसे सोशल मीडिया मंचों को मिलने वाले राजस्व में कुछ हिस्सा मिलना चाहिए। इस समय ऐसी सोच को समर्थन मिल रहा है।’’

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)