खेल की खबरें | आकाशदीप के चोटिल होने के कारण कंबोज और प्रसिद्ध एकादश में जगह के दावेदार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. ... भरत शर्मा ...
... भरत शर्मा ...
मैनचेस्टर, 21 जुलाई इंग्लैंड के खिलाफ पिछले दो टेस्ट मैचों में शानदार गेंदबाजी करने वाले आकाशदीप भारतीय टीम के अभ्यास सत्र में कुछ गेंद डालने के बाद निराश दिखे तो वहीं टीम में शामिल हुए अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा ने पूरे दमखम के साथ गेंदबाजी की।
लॉर्ड्स टेस्ट के बाद से ग्रोइन की चोट से जूझ रहे आकाशदीप को टीम फिजियो से नेट सत्र में गेंदबाजी करने की अनुमति नहीं मिली। उन्होंने कोच मोर्ने मोर्कल की निगरानी में मुख्य मैदान पर अपनी फिटनेस का मूल्यांकन करवाया था।
वह हालांकि इसके बाद नेट सत्र के दौरान दर्शक बने रहे जहां उनके साथ अर्शदीप सिंह खड़े थे जो हाथ की चोट के कारण मैच से बाहर हो गए हैं।
आकाशदीप अगर अनफिट करार दिए जाते हैं तो टीम प्रबंधन को जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ तीसरे तेज गेंदबाज के लिए प्रसिद्ध कृष्णा या अंशुल कंबोज में से किसी एक को चुनना होगा।
कंबोज चोटिल अर्शदीप के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल हुए है, जिससे उनके अप्रत्याशित पदार्पण की संभावना बढ़ गई है।
कंबोज ने गेंदबाजी के बाद शारदुल ठाकुर के साथ बल्लेबाजी अभ्यास भी किया। ठाकुर को एकादश में नीतीश कुमार रेड्डी की जगह मिल सकती है।
नेट सत्र के दौरान सिराज ने शुभमन गिल, केएल राहुल और ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाजों के खिलाफ सबसे ज्यादा गेंदबाजी की जबकि बुमराह ने नेट सत्र वाले स्थान पर फिसलन जैसी स्थिति के कारण मुख्य मैदान पर गेंदबाजी अभ्यास किया।
अभ्यास सत्र में पंत ने सहजता से बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग का अभ्यास किया और चौथे टेस्ट के लिए फिट दिखे। इस दौरान यशस्वी जायसवाल ने बल्लेबाजी के बाद स्लिप के कैच के क्षेत्ररक्षण अभ्यास पर ज्यादा ध्यान दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 21, 2025 09:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

